सी.आर. पार्क डबल मर्डर के विरोध में विश्व हिन्दू महासंघ का प्रदर्शन, दोषियों को फांसी देने की मांग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
नई दिल्ली, दिल्ली
By ACGN 7647981711, 9303948009
राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत ने कहा—यह केवल एक परिवार नहीं बल्कि समाज की सुरक्षा और मानवता पर हमला
नई दिल्ली के सी.आर. पार्क क्षेत्र में 17 अप्रैल 2026 को हुई बाप-बेटे की नृशंस हत्या की घटना से आक्रोशित विश्व हिन्दू महासंघ ने तारा अपार्टमेंट परिसर में विरोध प्रदर्शन कर घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग उठाई। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं केवल किसी एक परिवार की त्रासदी नहीं बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और मानवता पर सीधा हमला हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से आम नागरिकों में भय का वातावरण बनता है और इसे समाप्त करना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है।
महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस जघन्य हत्या कांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए और दोषियों को फांसी की सजा दी जाए ताकि समाज में एक सख्त संदेश जाए और भविष्य में इस प्रकार के अपराध करने से पहले अपराधियों की रूह कांप उठे। उन्होंने कहा कि भयमुक्त और सुरक्षित समाज की स्थापना के लिए ऐसे मामलों में कठोर दंड अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने हिंदू समाज से भी अपील की कि किसी के साथ संबंध या व्यवहार करने से पहले यह जरूर विचार करें कि सामने वाला व्यक्ति मानवीय संवेदनाओं और सभ्य संस्कारों वाला है या नहीं।
प्रदर्शन के दौरान विश्व हिन्दू महासंघ के पदाधिकारियों ने एक स्वर में मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाई जाए और पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। राष्ट्रीय संगठन मंत्री और सह संगठन मंत्री ने संयुक्त रूप से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन से सी.आर. पार्क और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी निगरानी को सुदृढ़ करने की मांग की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही इस मामले में कठोर और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई तो संगठन देशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उनका कहना था कि इस प्रकार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और यदि समय रहते इन पर सख्त लगाम नहीं लगाई गई तो स्थितियां और अधिक गंभीर हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन कानून के दायरे में रहकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रदर्शन के दौरान विश्व हिन्दू महासंघ के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर तारा अपार्टमेंट के निवासियों और स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी सराहनीय रहा।
उल्लेखनीय है कि 17 अप्रैल 2026 की रात सी.आर. पार्क स्थित तारा अपार्टमेंट में 62 वर्षीय राकेश सूद और उनके 27 वर्षीय पुत्र करण सूद पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया था। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनका एक रिश्तेदार राहुल भी घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है। पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आई है कि यह हमला पुरानी दुश्मनी और पैसे के लेनदेन को लेकर किया गया था। आरोपी की पहचान असद के रूप में हुई है, जो उसी सोसायटी का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






