मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सियान गुड़ी का किया शुभारंभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे केयर केंद्र की शुरुआत, बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर बढ़ाया उत्साह
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित अत्याधुनिक डे केयर केंद्र सियान गुड़ी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया और उनसे आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर वरिष्ठजन बेहद प्रसन्न नजर आए और राज्य सरकार की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों को फूड बास्केट वितरित किए और उन्हें धार्मिक पुस्तक, शॉल तथा श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों के लिए जाना जाता है, लेकिन बदलते समय में एकल परिवार की बढ़ती प्रवृत्ति, रोजगार के लिए युवाओं का पलायन और व्यस्त जीवनशैली के कारण कई बुजुर्गों को दिन के समय अकेलेपन का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह अकेलापन केवल भावनात्मक ही नहीं बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी प्रभाव डालता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए डे केयर केंद्र सियान गुड़ी की परिकल्पना की गई है। यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए सम्मान, आत्मीयता और सक्रिय जीवन का स्थान बनेगा जहां वे सुरक्षित वातावरण में समय बिताते हुए नई ऊर्जा प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने केंद्र का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की और इसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक आदर्श पहल बताया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सियान गुड़ी के माध्यम से राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सम्मानजनक, सक्रिय और खुशहाल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इससे सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा और पारिवारिक मूल्यों को भी मजबूती मिलेगी।
जशपुर के रणजीता स्टेडियम के पीछे भागलपुर मार्ग पर स्थापित यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक समग्र डे केयर इकाई के रूप में विकसित किया गया है। यहां योग, प्राणायाम, मनोरंजन, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियां, डिजिटल और वित्तीय साक्षरता तथा कौशल विकास प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, दवाओं की व्यवस्था, दूरस्थ चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, फिजियोथैरेपी और व्यायाम की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी और पारिवारिक परामर्श भी प्रदान किया जाएगा। उपेक्षा या दुर्व्यवहार की स्थिति में राष्ट्रीय सहायता हेल्पलाइन 14567 और राज्य स्तरीय सियान हेल्पलाइन 155326 के माध्यम से त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। केंद्र में व्हील चेयर सुविधा, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, आरामदायक बैठक व्यवस्था, सामूहिक गतिविधियों के लिए विशाल हॉल, पुस्तकालय और शांत अध्ययन कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेंद सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






