ग्रामीण विकास को नई रफ्तार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 774 सड़कों का किया शिलान्यास
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
2426 किलोमीटर सड़क निर्माण से 781 बसाहटों को मिलेगा पक्का सड़क संपर्क
छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर स्थित रणजीता स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत 774 सड़कों का शिलान्यास और शुभारंभ किया। इन सड़कों की कुल लंबाई लगभग 2426 किलोमीटर से अधिक है और इनके निर्माण पर लगभग 2225 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जशपुर जिला मुख्यालय स्थित वशिष्ठ कम्यूनिटी हॉल के जीर्णोद्धार के लिए 80 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सड़कों का भूमिपूजन सरकार की ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की लगभग 781 बसाहटों को बारहमासी पक्की सड़क सुविधा प्राप्त होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत हुई थी और आज यह योजना ग्रामीण भारत के विकास की जीवनरेखा बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में सड़क नेटवर्क के विस्तार में तेजी आई है और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा पीएम जनमन योजना के माध्यम से अधिकांश गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ा जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापट्टनम और रायपुर से जशपुर होते हुए धनबाद तक सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे जशपुर क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि हाल ही में 515 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का शुभारंभ किया गया है, जिससे प्रदेश में समितियों की संख्या बढ़कर 2573 हो गई है और किसानों को खाद, बीज तथा ऋण जैसी सुविधाएं उनके नजदीक मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है और होली से पहले 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरण की गई है। उन्होंने नागरिकों से आगामी जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की और बताया कि बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत प्रदेश में शिविर लगाकर समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है तथा 757 करोड़ रुपये के बिजली बिल माफ किए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जिन 774 सड़कों का शिलान्यास किया गया है उनका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 1300 से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों में भी सड़क निर्माण तेजी से किया जा रहा है ताकि ये क्षेत्र भी मुख्यधारा से जुड़ सकें।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में प्रदेश में 3065 सड़क विहीन बसाहटों का चिन्हांकन किया गया है। आगामी चरणों में हजारों किलोमीटर सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






