स्पेस ऑन व्हील्स बना जशपुर के बच्चों के लिए अंतरिक्ष ज्ञान का चलता फिरता विद्यालय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मोबाइल अंतरिक्ष प्रदर्शनी का किया अवलोकन, बच्चों की वैज्ञानिक जिज्ञासा की सराहना
जशपुर जिले में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति बच्चों में जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया स्पेस ऑन व्हील्स कार्यक्रम बच्चों के लिए चलता फिरता विज्ञान विद्यालय बन गया है। रणजीता स्टेडियम में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की विशेष मोबाइल प्रदर्शनी बस पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरिक्ष गाड़ी का अवलोकन किया और प्रदर्शित रॉकेट, उपग्रह तथा विभिन्न अंतरिक्ष मिशनों के मॉडलों को देखा। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी वैज्ञानिक समझ और जिज्ञासा की सराहना की।

शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर की कक्षा बारहवीं की छात्राएं अंशु पासवान, भूमिका डाहरे और सारिका साहनी ने आगे बढ़कर चंद्रयान, मंगलयान और अन्य अंतरिक्ष तकनीकों की कार्यप्रणाली को सरल भाषा में मुख्यमंत्री को समझाया। बच्चों के आत्मविश्वास और ज्ञान से प्रभावित मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी पहलें विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान और तकनीक ही विकास की आधारशिला है और स्पेस ऑन व्हील्स जैसे कार्यक्रम ग्रामीण अंचलों के बच्चों में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पेस ऑन व्हील्स के माध्यम से जिले के विभिन्न विद्यालयों में विज्ञान की जानकारी देने वाले सत्रह बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और विद्यार्थियों को “द मैजिक ऑफ नाइट स्काई” पुस्तिका भी वितरित की।
इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेंद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विज्ञान और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए अन्वेषण कार्यक्रम के अंतर्गत इस पहल का आयोजन किया जा रहा है। विज्ञान भारती के सहयोग से यह कार्यक्रम जशपुर जिले के सभी विकासखंडों में संचालित किया जा रहा है। सात अप्रैल से शुरू हुआ यह अभियान चौदह दिनों तक चलेगा, जिसमें यह बस प्रतिदिन सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी दे रही है। इससे जिले के दस हजार से अधिक विद्यार्थी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।

स्पेस ऑन व्हील्स एक अत्याधुनिक मोबाइल प्रदर्शनी है, जिसके माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान को सीधे छात्रों और आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में रॉकेट, उपग्रह, चंद्रयान, मंगलयान और अन्य अंतरिक्ष तकनीकों से जुड़े मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। ऑडियो विजुअल माध्यम, संवादात्मक पैनल और लाइव प्रदर्शन के जरिए विद्यार्थियों को जटिल अंतरिक्ष तकनीकों को सरल भाषा में समझाया जा रहा है।
यह पहल न केवल अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ा रही है बल्कि युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए प्रेरित भी कर रही है। विज्ञान भारती के विशेषज्ञों और व्याख्याताओं द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है। जशपुर में स्पेस ऑन व्हील्स का यह अभियान युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला प्रयास बनकर सामने आया है, जो भविष्य में जिले को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






