वेदांता पावर प्लांट हादसे की जांच के आदेश जारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
बिलासपुर संभाग के आयुक्त करेंगे हादसे की जांच, तीस दिन में मांगी गई रिपोर्ट
सक्ती जिले के डभरा तहसील अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर लिमिटेड में हुए दर्दनाक हादसे की जांच के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार इस दुर्घटना की जांच के लिए बिलासपुर संभाग के आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि चौदह अप्रैल दो हजार छब्बीस को प्लांट की बॉयलर इकाई एक में भाप पाइप से जुड़े पानी आपूर्ति पाइप के जोड़ में तकनीकी खराबी आने के कारण गंभीर दुर्घटना हो गई थी। इस हादसे में कई श्रमिकों की मृत्यु हो गई, वहीं कई श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य शासन ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना कब और कैसे हुई, इसके पीछे क्या कारण और परिस्थितियां रहीं तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कौन से आवश्यक उपाय किए जा सकते हैं।
जारी आदेश में जांच अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे घटना की संपूर्ण जांच कर तीस दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य शासन को प्रस्तुत करें।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। शासन की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि घटना के वास्तविक कारण सामने आएंगे और भविष्य में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






