बेतरतीब ऑटो संचालन पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले ऑटो चालकों पर कड़ी कार्यवाही, सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
बिलासपुर शहर में बेतरतीब और अव्यवस्थित तरीके से ऑटो संचालन करने वाले चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऑटो चालकों की सघन जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में संचालित पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक ऑटो के चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए वाहन संचालन करने के लिए कई चरणों में बैठक लेकर समझाइश भी दी गई थी। इसके बावजूद शहर में कई ऑटो चालक अव्यवस्थित और बेतरतीब तरीके से वाहन चलाकर सार्वजनिक मार्गों में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।

इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऑटो चालकों की जांच की गई और उन्हें अनिवार्य रूप से खाकी वर्दी पहनने, ड्राइविंग लाइसेंस रखने, वाहन से संबंधित सभी दस्तावेज साथ रखने, क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही ऑटो चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नो एंट्री और नो पार्किंग क्षेत्रों में ऑटो संचालन नहीं करने तथा सार्वजनिक मार्गों पर अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा नहीं करने की भी हिदायत दी गई। इलेक्ट्रिक ऑटो में स्पष्ट और निर्धारित मानकों के अनुसार नंबर प्लेट लिखने के लिए भी निर्देशित किया गया।
जांच के दौरान जिन ऑटो चालकों द्वारा इन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि ऑटो चालकों में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
उल्लेखनीय है कि शहर के नागरिकों द्वारा भी ऑटो चालकों के अव्यवस्थित संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में पहले भी ऑटो चालकों के साथ कई बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण अब सघन अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों के सभी यूनियनों और संगठनों से भी अपील की है कि वे अपने सदस्यों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






