प्रदेश में 515 नई पैक्स समितियों का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा खाद, बीज और ऋण की सुविधा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा सहकार से समृद्धि का संकल्प होगा मजबूत, प्रदेश में सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर हुई 2573
रायपुर। विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से प्रदेश में नवगठित 515 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इसे किसानों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि सहकार से समृद्धि के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह कदम ऐतिहासिक साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नई समितियों के प्रारंभ होने से अब पूरे प्रदेश में सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर 2573 हो गई है। उन्होंने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक और सहकारिता के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा दे रही है ताकि गांव और किसान दोनों समृद्ध बन सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब पैक्स समितियां बहुउद्देश्यीय सोसायटी के रूप में कार्य करेंगी, जिससे किसानों को खाद, बीज और अल्पकालीन ऋण जैसी सुविधाएं उनके गांव के पास ही मिल सकेंगी। इससे धान बेचने की प्रक्रिया भी आसान होगी और किसान अपनी नजदीकी समिति में ही धान विक्रय कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहले से कार्यरत 2058 समितियों को बेहतर सेवाएं देने के लिए कंप्यूटरीकृत किया गया है और इनमें माइक्रो एटीएम भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से किसान 20 हजार रुपये तक की राशि निकाल सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवगठित 515 समितियों में से 197 समितियां आदिवासी क्षेत्रों में स्थापित की गई हैं जिससे दूरदराज के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ये समितियां केवल खाद और बीज वितरण तक सीमित नहीं रहेंगी बल्कि भविष्य में दुग्ध उत्पादन और मछली पालन जैसी सहायक कृषि गतिविधियों से भी जुड़ेंगी। साथ ही समितियों में लोक सेवा केंद्र भी शुरू किए जाएंगे जहां एक ही स्थान पर 25 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इन समितियों के सदस्य बनकर इसका अधिकतम लाभ उठाएं और इनके संचालन में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर केदार कश्यप, रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, लखन लाल देवांगन, गजेंद्र यादव, राजेश अग्रवाल और गुरु खुशवंत साहेब सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सहकारिता विभाग के सचिव सी.आर. प्रसन्ना, प्रबंध संचालक के.एन. कांडे सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 2500 जनप्रतिनिधि, किसान और अधिकारी शामिल हुए।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






