शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि, कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता सप्ताह का किया शुभारंभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस पर निकली जागरूकता रैली, 14 से 20 अप्रैल तक चलेगा अभियान
सूरजपुर जिले में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर जिला अग्निशमन विभाग द्वारा गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर एस. जयवर्धन, जिला अग्निशमन अधिकारी संजय गुप्ता, उप निरीक्षक राकेश पांडे तथा अग्निशमन और नगर सेना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया, जो 14 से 20 अप्रैल तक जिले भर में चलाया जाएगा।

इस अवसर पर बताया गया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉक बंदरगाह पर खड़े मालवाहक जहाज में अचानक भीषण आग लग गई थी। जहाज में विस्फोटक सामग्री और युद्ध उपकरण लदे होने के कारण स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई थी। आग बुझाने के दौरान कर्तव्य निभाते हुए 66 बहादुर अग्निशमन कर्मी शहीद हो गए थे। उन्हीं वीरों की स्मृति में हर वर्ष 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम के बाद अग्निशमन विभाग द्वारा बाइक और अग्निशमन वाहनों की जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर कोतवाली चौक तक पहुंची। रैली के दौरान नागरिकों को पैम्फलेट बांटकर आग से बचाव और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नगर सेना के कर्मचारी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, यातायात पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस टीम भी उपस्थित रही।

जिला अग्निशमन अधिकारी संजय गुप्ता ने बताया कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत 14 से 20 अप्रैल तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आग से बचाव के उपाय, आपात स्थिति में सावधानी और सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके बताए जाएंगे ताकि दुर्घटनाओं से होने वाली क्षति को कम किया जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






