बाबा साहेब को नमन: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर | छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
अंबेडकर जयंती पर कहा—संविधान ने देश को समानता और अधिकार का मजबूत आधार दिया
बिलासपुर ACGN:- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के जेल चौक में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।


बाबा साहेब की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहेब की जयंती को अपने प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल किया है और उनके द्वारा बनाए गए संविधान ने देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि संविधान में अनुच्छेद 19 और 21 के माध्यम से नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान किए गए हैं, वहीं अनुच्छेद 14 और 16 के तहत धर्म, जाति, लिंग और रंग के आधार पर बिना किसी भेदभाव के सभी को समान अधिकार दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने एक समरस समाज की परिकल्पना की थी, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिल सके।


उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने वर्ष 1942 में दलित महिलाओं के सम्मेलन में स्पष्ट कहा था कि किसी भी समाज की प्रगति का आकलन वहां की महिलाओं की स्थिति से किया जाना चाहिए। नारी शक्ति की उन्नति के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। इसी सोच के साथ महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 में सरकार बनने के बाद बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया गया और बीते वर्षों में महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाकर महिलाओं को और अधिक अधिकार देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि बाबा साहेब के विचारों को जमीन पर उतारने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को समाज में स्थापित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, पूर्व महापौर किशोर राय, स्नेहलता शर्मा, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी, राजेश सिंह, सुमित तिवारी सहित महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और भाजपा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






