मांगें अधूरी तो फिर आंदोलन की तैयारी: एनएचएम कर्मचारियों की प्रदेश स्तरीय बैठक आज रायपुर में
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
नियमितीकरण सहित दस सूत्रीय मांगों पर बनेगी रणनीति, प्रदेशभर से कर्मचारी और पदाधिकारी होंगे शामिल
सूरजपुर: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन की आहट सुनाई देने लगी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक 12 अप्रैल 2026 को रायपुर के आमापारा में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी और संघ के पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों की वर्तमान स्थिति, उनके समाधान की दिशा तथा भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी स्वास्थ्य संस्थानों तक बड़ी संख्या में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। आयुष्मान आरोग्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत कर्मचारी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ माने जाते हैं।
गौरतलब है कि पिछले माह एनएचएम कर्मचारियों ने नियमितीकरण, ग्रेड पे, अनुकम्पा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति, मेडिकल अवकाश सहित दस सूत्रीय मांगों को लेकर एक माह से अधिक समय तक हड़ताल की थी। उस दौरान सरकार द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन को स्थगित कर दिया गया था और मांगों के निराकरण के लिए विभागीय स्तर पर एक समिति का गठन भी किया गया था।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश स्तरीय इस बैठक में सभी जिलों से जिलाध्यक्ष और कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल होंगे तथा लंबित मांगों के समाधान के लिए आगे की रणनीति तय की जाएगी। कर्मचारियों के अनुसार यह बैठक उनके आंदोलन की दिशा तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कर्मचारियों ने यह भी कहा है कि भाजपा के घोषणा पत्र में मोदी की गारंटी के अंतर्गत संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का उल्लेख किया गया है, जिस पर भी बैठक में चर्चा की जाएगी और सरकार से किए गए वादों को पूरा करने की मांग उठाई जाएगी।
इस संबंध में जानकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ सूरजपुर के जिलाध्यक्ष बृजलाल पटेल द्वारा दी गई है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






