पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कानून व्यवस्था, नवाचार और जनसहभागिता पर दिया विशेष जोर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता अरविंद तिवारी
अधिकारियों की बैठक में बेसिक पुलिसिंग मजबूत करने, बीट प्रणाली सुदृढ़ करने और निष्पक्ष पुलिसिंग के दिये निर्देश
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सड़क मार्ग से जशपुर से रायगढ़ पहुंचे, जहां देर शाम रक्षित केंद्र स्थित ऑफिसर्स मेस में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों तथा थाना-चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग में नवाचार तथा जनसहभागिता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में डीजीपी अरुण देव गौतम ने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावी बीट व्यवस्था से स्थानीय स्तर पर बेहतर सूचना संकलन संभव होता है, जिससे अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। उन्होंने थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक शिकायतकर्ता और पीड़ित की शिकायत स्वयं सुनें तथा उस पर त्वरित और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आमजन के साथ सतत संवाद बनाए रखते हुए स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाले विवादों को समय रहते शांतिपूर्ण ढंग से निराकृत करने पर बल दिया।
डीजीपी ने कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने और जनता के साथ विश्वास कायम करने पर जोर देते हुए रायगढ़ शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की बात कही। इसके साथ ही न्यायालयीन मामलों में समंस और वारंट की समय पर तामिली तथा विशेषज्ञों की रिपोर्ट समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सकेगा।
बैठक के दौरान पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण में पक्षपात की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक शिकायत पर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपने आचरण और कार्यशैली में ईमानदारी तथा पारदर्शिता बनाए रखने और कानून के दायरे में रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
अपने दौरे के अगले चरण में डीजीपी अरुण देव गौतम ने होमगार्ड रायगढ़ में फायर यूनिट का निरीक्षण किया, जहां फायर ब्रिगेड वाहनों का प्रदर्शन कर उनकी कार्यप्रणाली से उन्हें अवगत कराया गया। इस दौरान उन्होंने उपलब्ध संसाधनों की जानकारी सेनानी होमगार्ड बिलासियुस कुजूर से प्राप्त की। जानकारी के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दो फायर ब्रिगेड वाहन वर्तमान में रायगढ़ फायर स्टेशन में संचालित हैं, जिस पर डीजीपी ने कलेक्टर रायगढ़ मयंक चतुर्वेदी से चर्चा कर इन वाहनों को शीघ्र सारंगढ़ भेजने तथा वहां फायरमैन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया।
इसके पश्चात उन्होंने छठवीं वाहिनी का निरीक्षण कर परिसर की साफ-सफाई और इंफ्रास्ट्रक्चर में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में डीजीपी ने बताया कि वे सरगुजा रेंज के दौरे के दौरान जशपुर से रायगढ़ पहुंचे हैं। उन्होंने एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जिले की पुलिसिंग की सराहना करते हुए होमगार्ड की फायर सर्विस की कार्यप्रणाली को भी प्रशंसनीय बताया।
डीजीपी गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिसिंग का मूल मंत्र समाज के साथ विश्वास स्थापित करते हुए अपराध नियंत्रण करना है, जिसे छत्तीसगढ़ पुलिस प्रभावी ढंग से निभा रही है। साइबर अपराध के संबंध में उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस द्वारा म्यूल अकाउंट्स पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और सीसीटीएनएस के उन्नयन के साथ संसाधनों में वृद्धि की जा रही है। साथ ही नव नियुक्त सब-इंस्पेक्टरों के शीघ्र पदस्थापन से पुलिस बल को और अधिक मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह, कलेक्टर रायगढ़ मयंक चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, श्रीमती उन्नति ठाकुर सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ – हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


