शादी के घर में दरिंदगी की कोशिश, नाबालिग को कमरे में ले जाकर छेड़खानी करने वाला युवक गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड में
रायगढ़ जिले के थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़खानी के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 9 मार्च को पीड़िता के परिजनों ने थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को दबोच लिया।

बताया गया कि पीड़िता के घर से लगे परिवार में शादी का कार्यक्रम चल रहा था और घर में मेहमानों की भीड़ थी। 8 मार्च 2026 की रात करीब साढ़े नौ बजे सभी लोग भोजन में व्यस्त थे, उसी दौरान नाबालिग बालिका घर के बाहर बैठी थी जो अचानक कुछ देर बाद दिखाई नहीं दी। परिजनों ने आसपास तलाश की और संदेह के आधार पर पड़ोसी युवक आकाश मांझी के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलने पर युवक ने बालिका के वहां नहीं होने की बात कही, लेकिन परिजनों के अंदर जाने पर कमरे से बालिका रोते हुए बाहर आई और उसने बताया कि आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर जबरन अपने कमरे में खींच लिया था और गलत हरकत करने की कोशिश की। घरवालों की आवाज सुनकर आरोपी ने उसे छोड़ दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला उपनिरीक्षक दीपिका निर्मलकर द्वारा बालिका का बयान दर्ज कराया और मेडिकल परीक्षण कराया गया।

इसके बाद आरोपी आकाश मांझी (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें और बच्चों से जुड़े किसी भी अपराध को छिपाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में सख्त प्रावधान हैं और रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ 📰
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






