हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ कोरबा में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647 9817119303 948009
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने किया ध्वजारोहण, ली परेड की सलामी
शहीदों के परिजनों का सम्मान, आकर्षक मार्चपास्ट व सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
कोरबा, 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कोरबा जिला मुख्यालय स्थित सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।


मुख्य अतिथि श्री वर्मा द्वारा इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का छत्तीसगढ़वासियों के नाम संदेश का वाचन किया गया। इस वर्ष जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रगान के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत का सस्वर गायन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान अनेकता में एकता के प्रतीक गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया, जिससे समूचा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।



गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

मुख्य समारोह में परेड कमांडर सुबेदार अनंत राम पैंकरा के नेतृत्व में आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। मार्चपास्ट में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, छत्तीसगढ़ नगर सेना पुरुष एवं महिला, वन रक्षक, एनसीसी सीनियर बालक-बालिका, स्काउट एवं गाइड दल सीनियर सहित कुल 10 टुकड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान हर्ष फायर किया गया तथा पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की गई।

मार्चपास्ट प्रतियोगिता में प्रोफेशनल वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम स्थान, वन रक्षक बल (वन विभाग) ने द्वितीय तथा जिला पुलिस बल महिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नगर सेना पुरुष एवं महिला तथा सीआईएसएफ को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं नॉन प्रोफेशनल वर्ग में एनसीसी सीनियर डिवीजन बालक को प्रथम, गाइड दल सीनियर को द्वितीय, एनसीसी सीनियर डिवीजन बालिका को तृतीय तथा स्काउट दल सीनियर को सांत्वना पुरस्कार मिला।


समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा को प्रथम, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को द्वितीय, डीडीएम पब्लिक स्कूल को तृतीय पुरस्कार मिला, जबकि न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल एवं जैन पब्लिक स्कूल गोढ़ी को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आयोजित झांकी प्रदर्शन में 14 शासकीय विभागों ने भाग लिया। झांकी प्रतियोगिता में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झांकी को प्रथम, वनमंडल कोरबा को द्वितीय तथा नगर पालिका निगम कोरबा को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। झांकियों के माध्यम से विभागों द्वारा सामाजिक संदेशों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रदर्शन किया गया।

जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के 103 अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि श्री वर्मा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मियों में कलेक्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत, नगरीय निकाय, पुलिस विभाग, वनमंडल कोरबा एवं कटघोरा, स्वास्थ्य, राजस्व, तहसील, जनपद एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में महापौर नगर निगम कोरबा श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, वनमंडलाधिकारी कटघोरा श्री कुमार निशांत, वनमंडलाधिकारी कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


