जन जागरूकता से आएगी सड़क दुर्घटनाओं में कमी – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर | छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने स्वयं हेलमेट पहनकर चलाई स्कूटी, 12 नई बसों का शुभारंभ और पंडरी में आधुनिक लाइसेंस सेंटर का भूमिपूजन
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जन जागरूकता से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और यातायात नियमों के प्रति सजगता जनहानि को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक चालकों के दल के साथ स्कूटी चलाई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रायपुर के पंडरी में आधुनिक लाइसेंस सेंटर कार्यालय भवन का भूमिपूजन किया तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत प्रदेश के 12 नए मार्गों पर 12 नवीन बसों का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि मानव जीवन अनमोल है और बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों के प्रति लापरवाही कई परिवारों को उजाड़ रही है। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाले राहगीरों, पुलिस मितानों, चिकित्सकों और यातायात पुलिस कर्मियों को आज सम्मानित किया गया है, जो समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भावुक शब्दों में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में किसी माता की कोख सूनी हो जाती है, कोई बहन अपने भाई से बिछुड़ जाती है और कई बच्चे अनाथ हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस द्वारा अभिनव पहल के तहत 4500 पुलिस मितान बनाए गए हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के लिए अहम साबित होंगे। इन पुलिस मितानों को हेलमेट और फर्स्ट एड किट भी वितरित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हेड इंजरी सबसे बड़ी वजह बनती है, इसलिए दुपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनना चाहिए और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगानी चाहिए। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की भी अपील की।
कार्यक्रम में परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सड़क सुरक्षा को औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए जन आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में तत्काल सहायता करने वाले राहगीरों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि तथा दुर्घटना पीड़ितों के इलाज के लिए डेढ़ लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह महीना कई माताओं की गोद सूनी होने से बचाने का महीना है। उन्होंने हेलमेट को अनिवार्य करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों की जान बचेगी।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा मितान साथियों को 25 हजार और 5 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सा अधिकारियों, यातायात सिपाहियों, वाहन चालकों, भारत स्काउट गाइड, यूनिसेफ प्रतिनिधियों, एनएचएआई अधिकारियों तथा एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई सड़क सुरक्षा विषयक पेंटिंग्स और साइंस मॉडल की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी एवं पुरंदर मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर नवीन अग्रवाल, परिवहन सचिव एस प्रकाश, अपर परिवहन आयुक्त डी रविशंकर सहित बड़ी संख्या में स्काउट गाइड, एनसीसी कैडेट्स और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं आपके लिए निष्पक्ष निर्भीक एवं सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






