कैबिनेट ने आबकारी नीति से लेकर शिक्षा और स्टार्टअप तक लिए बड़े फैसले
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर – छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कई अहम निर्णय
रायपुर | ACGN :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राज्य हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई। बैठक में आबकारी नीति, शिक्षा, स्टार्टअप, आईटी सेक्टर और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े निर्णय लिए गए।

मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ आबकारी नीति वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इससे संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाहियों के लिए विभाग को अधिकृत किया। सरकार का उद्देश्य नीति के माध्यम से राजस्व प्रबंधन के साथ पारदर्शिता और नियंत्रण को मजबूत करना है।
बैठक में नवा रायपुर अटल नगर में उच्च कोटि का शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत ख्यातिप्राप्त संस्था श्री विले पारले कलावणी मंडल को उनके नरसी मोंजी प्रबंधन अध्ययन संस्थान की स्थापना के लिए सेक्टर-18 में लगभग 40 एकड़ भूमि 90 वर्षों की लीज पर आवंटित करने की स्वीकृति दी गई। इस संस्थान की स्थापना से राज्य में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मंत्रिपरिषद ने नवा रायपुर अटल नगर में चार नए उद्यमिता केंद्रों की स्थापना के लिए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया के साथ एमओयू करने का निर्णय भी लिया। इस पहल से राज्य में आईटी और आईटीईएस उद्योग के साथ तकनीकी स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलेगा। आने वाले तीन से पांच वर्षों में एआई, मेडटेक, स्मार्ट सिटी और स्मार्ट एग्री जैसे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके अलावा कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अहम निर्णय लिया। जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लैब की कार्यप्रणाली को मजबूत करते हुए जांच की संख्या और गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।
सरकार के इन फैसलों को राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






