जैतस्तंभ आगजनी मामले का खुलासा, आरोपी राजेश साहू गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली | छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुंगेली पुलिस ने 3 दिन की समयसीमा से पहले किया खुलासा, धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले आरोपी को भेजा जेल
मुंगेली:- जिला मुंगेली के विकासखंड लोरमी अंतर्गत ग्राम झझपुरी कला में जैतस्तंभ को जलाने की घटना का मुंगेली पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले इस गंभीर अपराध का पर्दाफाश किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16-17 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात ग्राम झझपुरी स्थित ठाकुर देव चौक के पास जैतखाम को अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग के हवाले कर दिया गया था। इस संबंध में प्रार्थी अंगद अंचल पिता देवल अंचल, उम्र 37 वर्ष, निवासी झझपुरी कला की रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 18/26 धारा 298, 326 (जी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल एवं हरविन्दर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, फोरेंसिक टीम की मदद ली गई तथा आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए गए। साथ ही घटनास्थल के समीप स्थित मेडिकल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज का विश्लेषण किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और ग्रामीणों की पहचान के आधार पर संदेही की पहचान राजेश साहू पिता स्वर्गीय दाउलाल साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी झझपुरी कला के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि जयंती कार्यक्रम के दौरान सतनामी समाज के कुछ लोगों द्वारा शराब के नशे में होने की बात कहकर मारपीट किए जाने से आक्रोशित होकर उसने जैतस्तंभ में आग लगाई थी।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मिट्टी तेल, माचिस एवं घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध थाना लोरमी में विधिवत कार्रवाई करते हुए 20 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि सतनामी समाज द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी की गिरफ्तारी हेतु 3 दिन की समयसीमा दी गई थी, लेकिन मुंगेली पुलिस ने समयसीमा से पूर्व ही आरोपी को गिरफ्तार कर सामाजिक सौहार्द की दिशा में मजबूत संदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव थाना प्रभारी लोरमी, निरीक्षक प्रसाद सिन्हा साइबर सेल, निरीक्षक रघुवीर चंद्रा थाना प्रभारी चिल्फी, उप निरीक्षक अमित गुप्ता, सुंदर लाल गोरले, सतेंद्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






