धान बेचने में नहीं आएगी परेशानी! फसल संबंधी दावों और आपत्तियों का होगा भौतिक सत्यापन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
कोरबा ACGN:- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों की फसल संबंधी प्रविष्टियों में आ रही विसंगतियों और दर्ज दावों एवं आपत्तियों का अब भौतिक सत्यापन किया जाएगा। राज्य शासन से प्राप्त निर्देशों के बाद कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को खसरा तथा फसल प्रविष्टि से जुड़े प्रकरणों का परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य पात्र किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और राजस्व अभिलेखों में वास्तविक फसल की स्थिति दर्ज रहे।
प्रशासन के अनुसार, कुछ किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। ऐसे खसरों की मैपिंग के लिए संबंधित समिति की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को ऐसे मामलों की निगरानी करने और संबंधित समितियों के माध्यम से उनका निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। खसरा मैपिंग की समयसीमा धान खरीदी अवधि के अनुरूप 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित है।
वहीं, जिन खसरों में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के माध्यम से दूसरी फसल दर्ज है, जबकि किसान ने अपने खेत में धान बोने का दावा किया है, ऐसे मामलों का तहसीलदार के माध्यम से विस्तृत भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा ऐसे खसरे भी जांच के दायरे में आएंगे, जो डीसीएस और पटवारी सत्यापन ऐप दोनों में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सत्यापन से छूट गए हैं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करने के साथ मौके पर पहुंचकर वास्तविक फसल और उसके रकबे की जांच की जाए। फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए स्थल के फोटो भी संलग्न किए जाएं।
सत्यापन पूरा होने के बाद सही और अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर फसल प्रविष्टि अथवा उसमें संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस प्रक्रिया से फसल संबंधी रिकॉर्ड में त्रुटियों की पहचान कर पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय की प्रक्रिया में राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरें, जनसमस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































