रायपुर में घूम-घूमकर बुलेट चुराने वाला गिरोह बेनकाब, 3 नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार; 18.50 लाख के 16 वाहन जब्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
नंबर प्लेट निकालकर उड़ाते थे दोपहिया वाहन, चोरी के बाद पहचान मिटाने के लिए बदल देते थे पार्ट्स; डी.डी.नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा में दर्ज थे चोरी के मामले।
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में दोपहिया वाहन चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के बीच पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर खासकर बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों और विधि से संघर्षरत तीन बालकों सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 13 दोपहिया गाड़ियां और वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन अन्य वाहन, इस तरह कुल 16 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत लगभग 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा चोरी की घटनाओं वाले स्थानों और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे थे। मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी विश्लेषण और नियमित पेट्रोलिंग के जरिए भी संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसी अभियान के दौरान 17 नवंबर 2026 को डी.डी.नगर थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस की नजर एक बुलेट सवार युवक पर पड़ी। वाहन की पीछे की नंबर प्लेट गायब थी, जबकि सामने नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन रोककर चालक से दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा।
गहन पूछताछ में युवक ने अपना नाम दीप छाबड़िया निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर रायपुर बताया और बुलेट चोरी की होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि अपने साथी रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले और कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र से यह बुलेट चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरोह ने रायपुर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सात बुलेट सहित चोरी के 13 वाहन, जिनकी कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये है, बरामद किए। इसके अलावा वारदातों में इस्तेमाल किए गए एथर, आई-क्यूब और बर्गमेन दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 16 वाहनों की कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये है।
पूछताछ में गिरोह के चोरी करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी संगठित होकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते थे और खासकर बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। वाहन का लॉक तोड़कर चोरी की जाती थी। गिरोह का एक सदस्य चोरी किए गए वाहन को चलाता था, जबकि दूसरे सदस्य अपने साथ लाए दोपहिया वाहन से पीछे से पैर लगाकर धक्का देते हुए चोरी की गाड़ी को ले जाते थे। पकड़े जाने और पहचान उजागर होने से बचने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट निकाल दी जाती थी या बदल दी जाती थी। इतना ही नहीं, पहचान से जुड़े निशान मिटाने और संबंधित पार्ट्स बदलने का भी तरीका अपनाया जाता था।
पुलिस के अनुसार चोरी किए गए सभी 13 वाहनों के संबंध में डी.डी.नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थानों में धारा 303(2) एवं 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज हैं। गिरोह बनाकर संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देने के तथ्य सामने आने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 112 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में दीप छाबड़िया (21 वर्ष), निवासी कल्पतरू कॉलोनी, कोटा रोड, थाना सरस्वती नगर; रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष), निवासी शांति विहार कॉलोनी, डंगनिया, थाना डी.डी.नगर; शुभम पटले (22 वर्ष), निवासी रायपुरा, थाना डी.डी.नगर तथा कृष्ण कुमार सिंह (21 वर्ष), निवासी जे.डी. कॉम्प्लेक्स के पीछे, थाना कबीर नगर शामिल हैं। इनके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य संभावित सदस्यों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। राजधानी में लगातार वाहन चोरी की घटनाओं से परेशान वाहन मालिकों के लिए इस गिरोह का पर्दाफाश राहत की खबर है, लेकिन यह कार्रवाई एक बड़ा सवाल भी छोड़ती है कि आखिर शहर में घूम-घूमकर इतने वाहन चोरी होते रहे और गिरोह लंबे समय तक सक्रिय कैसे रहा?
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें।
संपर्क : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































