छठ पूजा करने गया था परिवार, पीछे से सूने मकान में हो गई चोरी; CCTV ने खोला राज, आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
छत पर टावर के रास्ते घर में घुसकर तोड़ा अलमारी का लॉकर, चांदी के आभूषण और नकदी पार; 50 हजार का सामान बरामद, आरोपी पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट में जा चुका है जेल।
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि परिवार के धार्मिक आयोजन में शामिल होने जाने का इंतजार कर रहे चोरों ने सूने मकान को ही निशाना बना लिया। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर में छठ पूजा करने गए परिवार के घर में घुसकर चोर ने अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और चांदी के आभूषण सहित नकदी रकम लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत के चोरी के चांदी के आभूषण और नकदी रकम बरामद की गई है।
मामले के अनुसार संतोषी नगर टिकरापारा निवासी मुकेश चौहान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 नवंबर 2026 की सुबह वह अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित छठ पूजा करने नरैया तालाब, सिद्धार्थ चौक गया था। पूजा के बाद जब परिवार वापस लौटा और घर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कमरे में रखी अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। जांच करने पर उसमें रखे चांदी के आभूषण और नकदी रकम गायब मिले।
प्रार्थी के मुताबिक अज्ञात चोर छत पर टावर के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुआ और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। शिकायत पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1045/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
सीसीटीवी फुटेज के बारीकी से अवलोकन के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी पहचान और गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई तो उसका नाम खिलावन ध्रुव, निवासी संतोषी नगर टिकरापारा सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर आरोपी खिलावन ध्रुव ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण और नकदी रकम सहित लगभग 50 हजार रुपये का मशरूका जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी खिलावन ध्रुव का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वह पूर्व में थाना टिकरापारा के चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में जेल में निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खिलावन ध्रुव पिता जीवन लाल ध्रुव, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्रामीण बैंक के बाजू संतोषी नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें।
संपर्क : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































