4 दिन घर से बाहर रहा परिवार, पीछे से 10 लाख की चोरी! पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को दबोचा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
शिवानंद नगर के सूने मकान को बनाया निशाना, ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल और अन्य सामान पार; गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी, आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज।
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों के हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। परिवार के गृहग्राम जाने के दौरान चोर ने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। खमतराई थाना क्षेत्र के शिवानंद नगर स्थित अंजनी विहार कॉलोनी में हुई इस चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए गुढ़ियारी थाने के हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित करीब 10 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया है।
मामले के अनुसार शिवानंद नगर, अंजनी विहार कॉलोनी निवासी शिव निर्मलकर 8 नवंबर 2026 को अपने मकान में ताला लगाकर परिवार सहित अपने गृहग्राम गए थे। 12 नवंबर को वापस लौटे तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और उसका लॉकर भी टूटा हुआ था। जांच करने पर लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी रकम, मोबाइल फोन और कमरे में रखा अन्य सामान गायब मिला। अज्ञात चोर ने सूने मकान का फायदा उठाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया था।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1207/26 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आरोपी की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रार्थी और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
पुलिस ने पुराने चोरी के आरोपियों और हाल ही में जेल से छूटे संदिग्धों की जानकारी भी जुटाई। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार घटना वाले दिन देर रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी पतासाजी कर उसे पकड़ लिया।
शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा और चोरी में अपनी संलिप्तता से इनकार करता रहा। लेकिन पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित लगभग 10 लाख रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रोहन ताम्रकार थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं। इन मामलों में वह पहले भी जेल में निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन ताम्रकार पिता संतोष ताम्रकार, उम्र 20 वर्ष, निवासी नहरपारा, शिवनगर, दीक्षा स्कूल के आगे पानी टंकी के पास, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से करीब 10 लाख रुपये की चोरी का खुलासा हुआ है। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर सूने मकानों की सुरक्षा और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर आधा दर्जन से अधिक मामलों में नामजद हिस्ट्रीशीटर की गतिविधियों पर कितनी प्रभावी निगरानी रखी जा रही थी, यह भी पुलिस व्यवस्था के लिए विचारणीय विषय है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें।
संपर्क : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































