बंद मकानों को बनाते थे निशाना, खिड़की-ताला तोड़कर उड़ाया नगद और सामान; एक गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी शामिल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दुर्ग, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
खुर्सीपार में दो चोरी की वारदातों का खुलासा, शेखर गुप्ता गिरफ्तार; 52 ग्राम चांदी, गैस सिलेंडर, LED टीवी और घरेलू सामान सहित बाइक भी जब्त, कुल डेढ़ लाख की संपत्ति बरामद।
दुर्ग ACGN:- बंद मकान देखकर चोरी की योजना बनाना और रात के अंधेरे में ताला या खिड़की तोड़कर घर का सामान समेटकर फरार हो जाना, खुर्सीपार क्षेत्र में सक्रिय चोरों का यही तरीका था। थाना खुर्सीपार पुलिस ने बंद मकानों में हुई चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं इन वारदातों में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने चोरी के सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित करीब 1 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 13 नवंबर की रात से 14 नवंबर 2026 के बीच खुर्सीपार थाना क्षेत्र में दो बंद मकानों को निशाना बनाया गया था। पहली घटना में आरोपियों ने मकान की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 10 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। इस मामले में प्रार्थिया की शिकायत पर अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305(अ) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया।
वहीं दूसरी घटना में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नगद, गैस सिलेंडर, LED टीवी, गैस चूल्हा, इंडक्शन सहित अन्य घरेलू सामान पार कर दिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 529/2026 के तहत धारा 331(4), 305(1) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए खुर्सीपार पुलिस ने विशेष टीम गठित की। घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और शेखर गुप्ता को पकड़ लिया।
पूछताछ और विवेचना में आरोपी की दोनों चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई। जांच के दौरान उसके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी उजागर हुई। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का सामान बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
पुलिस द्वारा जब्त सामग्री में 14 हजार 750 रुपये नगद, लगभग 52 ग्राम चांदी के आभूषण, दो गैस सिलेंडर, एक LED टीवी, दो टीन तेल, गैस चूल्हा, इंडक्शन, एक पेटी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 CM 7021 शामिल है। मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है। चोरी के सामान और वाहन सहित कुल जब्ती की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार आरोपी शेखर गुप्ता, उम्र 26 वर्ष, निवासी HCL कॉलोनी, खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार, जिला दुर्ग है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद संप्रेक्षण गृह पुलगांव भेजा गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जिनमें ताला लगा देखकर घर खाली होने की संभावना रहती थी। रात के समय खिड़की या मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करते और अलमारी सहित अन्य स्थानों में रखी नगदी, जेवरात तथा घरेलू सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट एवं खुर्सीपार पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय दरवाजों और खिड़कियों को सुरक्षित तरीके से बंद करें तथा मजबूत तालों का इस्तेमाल करें। कीमती जेवरात और अधिक नगदी घर में रखने से बचें। घर और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगवाएं तथा पड़ोसियों से संपर्क बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें।
संपर्क : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































