गांवों में नलजल से लेकर अबूझमाड़ के बच्चों की उच्च शिक्षा तक, साय कैबिनेट के 4 बड़े फैसले, करोड़ों की सौगात से बदलेगी तस्वीर!
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
छोटी ग्राम पंचायतों को मिलेगा नलजल संचालन के लिए आर्थिक सहारा, 75 प्रतिशत से अधिक जलकर वसूली पर 50 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि। नारायणपुर के अबूझमाड़िया विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए तीन वर्षों में 40.98 करोड़ रुपये का प्रावधान, राजनांदगांव को भी मिली दो महत्वपूर्ण सौगात।
रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 18 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था, जनजातीय विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा, बाल संरक्षण और शिक्षा प्रशासन से जुड़े चार महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई। इन निर्णयों में गांवों में नियमित शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने से लेकर अबूझमाड़ के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा देने तक कई अहम प्रावधान शामिल हैं। वहीं राजनांदगांव जिले में बाल सम्प्रेक्षण गृह के निर्माण और माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय की स्थापना का रास्ता भी साफ हुआ है।

छोटी ग्राम पंचायतों को नलजल संचालन में मिलेगी आर्थिक मदद, 50 हजार की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान
कैबिनेट का पहला महत्वपूर्ण फैसला प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने से जुड़ा है। मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही पहले से लागू वर्ष 2024 के नियमों को निरस्त कर जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नए नियम लागू किए जाएंगे।
नए नियमों में भारत सरकार द्वारा सुझाए गए सभी 19 तकनीकी, प्रशासनिक और वित्तीय बिंदुओं को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्राम पंचायतों के माध्यम से नलजल योजनाओं का नियमित संचालन, रखरखाव और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
इस फैसले में सबसे महत्वपूर्ण प्रावधान एक हजार से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों के लिए किया गया है। ऐसी पंचायतों में नलजल योजनाओं के संचालन और संधारण के लिए मुख्यमंत्री नल जल अनुदान के माध्यम से वित्तीय सहायता देने की व्यवस्था की गई है। हालांकि इसके लिए ग्राम पंचायतों को प्रतिमाह न्यूनतम 50 प्रतिशत जल प्रभार का संग्रहण करना होगा।
इतना ही नहीं, जो ग्राम पंचायतें वार्षिक जल प्रभार की 75 प्रतिशत से अधिक राशि वसूल करेंगी, उन्हें प्रतिवर्ष 50 हजार रुपये की मुख्यमंत्री नल जल प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सरकार के इस निर्णय से छोटी ग्राम पंचायतों पर आर्थिक बोझ कम होने के साथ पेयजल योजनाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। अब ग्रामीण परिवारों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों के माध्यम से अधिक प्रभावी तरीके से निभाई जा सकेगी।

अबूझमाड़िया विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, तीन वर्षों में 40.98 करोड़ रुपये का प्रावधान
कैबिनेट का दूसरा बड़ा फैसला नारायणपुर जिले के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के अबूझमाड़िया विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन वर्षों के लिए आवर्ती एवं अनावर्ती अनुदान स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया है।
इसके लिए छत्तीसगढ़ अशासकीय महाविद्यालय और संस्था (स्थापना एवं विनियमन) अधिनियम, 2006 के निर्धारित मापदंडों में शिथिलीकरण को भी मंजूरी दी गई है।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ इस महाविद्यालय के संचालन और अधोसंरचना विकास के लिए तीन वर्षों में लगभग 40.98 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है। इस फैसले से अबूझमाड़ सहित दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। लंबे समय से शिक्षा की मुख्यधारा से दूर रहने वाले इन क्षेत्रों के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा की राह आसान बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

राजनांदगांव में बनेगा नया बाल सम्प्रेक्षण गृह, बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास को मिलेगी मजबूती
मंत्रिपरिषद ने राजनांदगांव जिले में बाल सम्प्रेक्षण गृह भवन के निर्माण के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को भूमि आबंटित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके अंतर्गत राजनांदगांव तहसील के ग्राम कौरिनभांठा में राजगामी संपदा की खसरा क्रमांक 284 की कुल 0.223 हेक्टेयर यानी 24,090 वर्गफीट भूमि आबंटित की जाएगी।
नए सम्प्रेक्षण गृह के निर्माण से विधि से संघर्षरत बालकों के लिए सुरक्षित आवास, देखभाल, परामर्श, शिक्षा और पुनर्वास जैसी सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसका उद्देश्य ऐसे बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराते हुए उनके सुधार, शिक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में आवश्यक सुविधाएं विकसित करना है।
राजनांदगांव में खुलेगा माध्यमिक शिक्षा मंडल का संभागीय कार्यालय, विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुविधा
कैबिनेट की बैठक में राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय की स्थापना के लिए भूमि आबंटन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इसके तहत राजनांदगांव शहर के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर भूमि माध्यमिक शिक्षा मंडल को आबंटित की जाएगी।
संभागीय कार्यालय की स्थापना होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शैक्षणिक संस्थाओं को माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबंधित सेवाएं स्थानीय स्तर पर अधिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मंडल से जुड़े कार्यों के लिए दूर जाने की परेशानी कम होगी और शिक्षा संबंधी प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच भी बेहतर होगी।

चार फैसलों में ग्रामीण सुविधा, जनजातीय शिक्षा और सामाजिक विकास पर जोर
18 नवंबर की कैबिनेट बैठक में लिए गए इन चार फैसलों से स्पष्ट है कि राज्य सरकार ने ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने, बाल संरक्षण सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा प्रशासन को स्थानीय स्तर पर सुलभ बनाने पर जोर दिया है।
अब इन फैसलों का वास्तविक लाभ तभी पूरी तरह सामने आएगा, जब स्वीकृत प्रावधानों के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और इनका लाभ जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों, विद्यार्थियों तथा संबंधित हितग्राहियों तक पहुंचेगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरें, जनसमस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें।
संपर्क सूत्र: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































