आसमान में पांच हेलीकॉप्टरों का रोमांच, तिरंगे की फॉर्मेशन ने बांधा समां
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
नवा रायपुर के सेंध लेक में सारंग टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल, आकाशगंगा के स्काईडाइवर्स और गरुड़ कमांडोज ने भी दिखाया अदम्य साहस; 2 नवंबर को होगा मुख्य प्रदर्शन।
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान रविवार को भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस रोमांचकारी प्रदर्शन को देखा। पांच हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, आसमान से पैराशूट के जरिए उतरते जवानों और गरुड़ कमांडोज के साहसिक करतबों ने उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया।

आसमान में तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने आयोजन को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मुख्यमंत्री ने वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुशासन, आपसी विश्वास, टीम भावना और उत्कृष्ट समन्वय युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
आकाशगंगा टीम ने पैराशूट से दिखाई सटीक लैंडिंग की कला
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए नियंत्रित तरीके से नीचे उतरने का प्रदर्शन किया। निर्धारित स्थान पर उनकी सटीक लैंडिंग ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच लोगों ने जवानों के साहस और प्रशिक्षण की सराहना की।

गरुड़ कमांडोज का स्लिदरिंग और रेस्क्यू ऑपरेशन
इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरने यानी स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। जवानों ने हेलीकॉप्टर से उतरकर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की प्रस्तुति दी। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई और सटीक तालमेल का यह प्रदर्शन दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा।

पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन ने थाम दीं सांसें
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन रहा। पायलटों ने एक के बाद एक आकर्षक फॉर्मेशन और रोमांचकारी करतब दिखाए। हेलीकॉप्टरों का बेहद करीब से क्रॉसओवर करना और फिर निर्धारित फॉर्मेशन में लौटना दर्शकों के लिए हैरतअंगेज अनुभव रहा।
हर करतब के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया। पांचों हेलीकॉप्टरों के बीच सटीक दूरी, संतुलन और तालमेल ने भारतीय वायु सेना के पायलटों के कठिन प्रशिक्षण और पेशेवर दक्षता की झलक पेश की।

कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। इस आत्मीय संदेश से दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया।
प्रदर्शन के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन बनाई। आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा और हेलीकॉप्टरों का शानदार तालमेल उपस्थित लोगों के लिए यादगार दृश्य बन गया।

अनुशासन और टीम भावना का उदाहरण है सारंग : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन केवल रोमांचकारी हवाई करतब नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना के कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रदर्शन यह संदेश देते हैं कि आपसी विश्वास, सामूहिक प्रयास और सटीक तालमेल से कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास और समृद्धि की कामना की।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पहचान बना चुकी है सारंग टीम
भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने आकर्षक हवाई करतबों और फॉर्मेशन के लिए जानी जाती है। टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में प्रदर्शन कर चुकी है। इसके प्रदर्शन भारतीय वायु सेना की उड़ान दक्षता, तकनीकी कौशल और अनुशासन का परिचय देते हैं।
2 नवंबर को होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन
राज्योत्सव के तहत 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन आयोजित होगा। इसमें प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना के साहसिक करतब और रोमांचकारी फॉर्मेशन देखने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, भारतीय वायु सेना के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
अपने क्षेत्र की आवाज बनने के लिए जुड़े हमारे साथ। छत्तीसगढ़ के सभी जिले, तहसील एवं ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































