रायपुर में साधु-बाबा बनकर 15 लाख की ठगी! बीमारी और अनहोनी का डर दिखाकर लूटे सोने-चांदी के जेवर, ग्वालियर से आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
पूजा-पाठ के नाम पर पहले जीता भरोसा, फिर जेवर लेकर हुए गायब; एक अंतर्राज्यीय आरोपी और विधि से संघर्षरत बालक पुलिस की गिरफ्त में, अन्य आरोपी फरार
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में साधु-बाबा का भेष धारण कर बीमारी और घरेलू परेशानियां दूर करने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का थाना गंज पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने पूजा-पाठ कराने और परिवार पर आने वाली अनहोनी को टालने का झांसा देकर एक महिला से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी ठग लिए। इस मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी एक अंतर्राज्यीय आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत के 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
बीमारी और घरेलू परेशानी की सटीक बातें बताकर जीता भरोसा
पुलिस के अनुसार, जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स, फाफाडीह निवासी जसवंत परमार ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 में एक दिन तीन अज्ञात साधु उनके घर पहुंचे। साधुओं ने उनकी पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और परिवार की घरेलू समस्याओं के संबंध में ऐसी बातें बताईं, जिससे उनकी पत्नी को उन पर विश्वास हो गया।
इसके बाद आरोपियों ने पूजा-पाठ करने के नाम पर पहली बार सोने की अंगूठी और नगदी रकम ले ली। करीब 10 से 12 दिन बाद वे दोबारा घर पहुंचे और पूजा कराने के बाद जेवरात वापस करने का झांसा देकर सोने की चेन सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण भी लेते रहे।
परिवार की मौत और अनहोनी का डर दिखाकर रखा चुप
आरोपियों ने महिला को धमकाया कि यदि उसने इस पूरी घटना के बारे में किसी को बताया तो परिवार के सदस्यों की मृत्यु हो सकती है अथवा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। इस डर के कारण महिला काफी समय तक चुप रही।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 से आरोपी लगातार फोन कर और अधिक जेवरात एवं नगदी की मांग करने लगे। इसके बाद महिला को संदेह हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। आरोपियों ने न तो कोई पूजा-पाठ कराया और न ही पहले लिए गए आभूषण वापस किए।
इस तरह तीन अज्ञात साधुओं द्वारा पूजा-पाठ के नाम पर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी की ठगी किए जाने की शिकायत पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 283/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण से ग्वालियर तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा ने थाना प्रभारी गंज निरीक्षक दीपक पासवान को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना गंज पुलिस की टीम ने प्रार्थी और उसकी पत्नी से विस्तृत पूछताछ की। इसके बाद आरोपियों के संपर्क में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और महिला को फोन करने वाले अन्य नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा।
भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर ठगी करने की बात स्वीकारने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी गुरुदयाल सिंह ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ कराने का झांसा देकर ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है।
प्रकरण में आरोपी और विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
गिरफ्तार आरोपी
गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू, पिता भरत सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी नूरगंज सेवा नगर, थाना किला गेट, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश।
पुलिस की अपील: बीमारी, पारिवारिक परेशानी या अन्य समस्याओं के समाधान के नाम पर घर पहुंचने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं। पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र या अनहोनी का भय दिखाकर जेवरात और नगदी मांगने वालों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ (ACGN)
पिछले 4 वर्षों से लगातार निष्पक्ष, निर्भीक एवं सच्ची खबरों को प्रकाशित करता विश्वसनीय और तेजी से बढ़ता वेब पोर्टल।
प्रदीप मिश्रा [संपादक]
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें।
7647981711, 9303948009
अपने क्षेत्र की आवाज बनने के लिए जुड़े हमारे साथ। छत्तीसगढ़ के सभी जिले, तहसील एवं ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































