50 अमर शहीदों को नमन! उनके बलिदान से बस्तर में शांति की नई सुबह
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
‘शौर्यांजलि’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद परिवारों का किया सम्मान, बोले,शहीदों के सपनों का सुरक्षित और विकसित बस्तर बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि
रायपुर ACGN:- बस्तर की धरती पर शांति और सुरक्षा की नई उम्मीदों के पीछे हमारे वीर जवानों का अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान है। जिन जवानों ने देश और समाज की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर में आयोजित ‘शौर्यांजलि : बस्तर के नायकों को समर्पित’ कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने बस्तर में शांति और सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले 50 अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों का सम्मान किया।
द हिन्दू फाउंडेशन, नागपुर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद जवान केवल अपने परिवारों के गौरव नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

शहीद परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार
मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी अपने को खोने की पीड़ा की भरपाई संभव नहीं है। एक जवान के शहीद होने से मां अपना बेटा, पत्नी अपना जीवनसाथी और बच्चे अपने पिता का साया खो देते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहीद परिवारों का सम्मान, सुरक्षा और कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार उनके हर सुख-दुख में साथ खड़ी रहेगी।

नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में जवानों का अदम्य साहस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र तथा राज्य सरकार ने नक्सलवाद के विरुद्ध समन्वित अभियान चलाया। दुर्गम जंगलों, पहाड़ियों और कठिन परिस्थितियों में सुरक्षा बलों ने अद्वितीय साहस का परिचय दिया। छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सहित अभियान में शामिल सभी जवानों के योगदान को उन्होंने नमन किया।
उन्होंने कहा कि बस्तर ने दशकों तक हिंसा और भय का दौर झेला। अनेक परिवार प्रभावित हुए और दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क तथा बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ा। अब सुरक्षा और शांति के साथ बस्तर में विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं।

शांति के साथ विकास की ओर बढ़ रहा बस्तर
मुख्यमंत्री के अनुसार, जिन क्षेत्रों में कभी भय का वातावरण था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। ‘नियद नेल्लानार’ योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक के जरिए खेल प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है, वहीं बस्तर पंडुम के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराओं को पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान अब भय और हिंसा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसकी समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, प्रतिभाशाली युवा और पर्यटन की संभावनाएं इसकी नई पहचान बनें। प्रत्येक गांव और परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार का संकल्प है।

शहीदों के सपनों का बस्तर बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री श्री साय ने द हिन्दू फाउंडेशन, नागपुर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शहीद परिवारों तक पहुंचकर उनका सम्मान करना समाज की कृतज्ञता और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन ने देशभर में यात्रा कर 800 से अधिक शहीद परिवारों तक पहुंचने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘शौर्यांजलि’ केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प भी है। उन्होंने सभी से ऐसा शांतिपूर्ण, सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बस्तर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया, जहां आने वाली पीढ़ियां भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करें और आगे बढ़ने के अवसर पाएं।
कार्यक्रम में द हिन्दू फाउंडेशन, नागपुर के संयोजक संदीप गुप्ता, शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र सिंह दीवान, शहीद परिवारों के सदस्य, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं। पत्रकारिता में रुचि रखने वाले इच्छुक युवक-युवतियां संपर्क करें और पत्रकारिता में अपना करियर बनाएं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































