48 घंटे में लूट और चाकूबाजी का खुलासा, दो नाबालिग समेत तीन हिरासत में
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी रायगढ़
लूटा गया मोबाइल और बटन चाकू बरामद, 17 वर्षीय किशोर पर भी चाकू से हमला; चार अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी।
रायगढ़ ACGN:- जूटमिल थाना क्षेत्र के मिनीमाता चौक और बजरंगपारा में हुई लूट और चाकूबाजी की दो घटनाओं का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक बालिग युवक गणेश सारथी निवासी बजरंगपारा जूटमिल तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किया गया बटन चाकू और हाथ में पहना जाने वाला लोहे का कड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग और मिनीमाता चौक के पहले रेलवे पटरी के पास महरापारा जूटमिल निवासी 35 वर्षीय रितेश कुमार जैन का रास्ता रोककर मारपीट और लूट की गई। आरोप है कि दो विधि से संघर्षरत बालकों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसी दौरान नुकीले चाकू से रितेश के दाहिने सीने पर वार करने और उसके पास से 300 रुपए नगद तथा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार होने की बात सामने आई है।
घटना की रिपोर्ट पर जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 603/2026 दर्ज कर धारा 296, 351(3), 309(6), 310(6), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।
इसी रात करीब 8 बजे बजरंगपारा क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर के साथ भी चाकूबाजी की घटना हुई। पुलिस के अनुसार दोनों विधि से संघर्षरत बालकों ने गणेश सारथी और एक अन्य युवक के साथ मिलकर किशोर से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू से वार कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध नामजद अपराध क्रमांक 607/2026 दर्ज किया है। प्रकरण में बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 296, 351(3), 3(5) के तहत विवेचना की जा रही है।
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन और जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को तत्काल आरोपियों की तलाश में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी, संदिग्धों की गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन संदेहियों को पकड़ा।
पुलिस की पूछताछ और जांच में तीनों की घटनाओं में संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है। इनमें गणेश सारथी बालिग है, जबकि दो अन्य विधि से संघर्षरत बालक हैं। पुलिस के अनुसार गणेश सारथी की भूमिका मारपीट की घटना में सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, बटन चाकू और लोहे का कड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों और गणेश सारथी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस के अनुसार इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट से जुड़े मामले पूर्व में दर्ज रहे हैं।
4 अक्टूबर की दोनों घटनाओं को लेकर दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को संबंधित धाराओं में कार्रवाई के बाद किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं बालिग आरोपी गणेश सारथी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल चार अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक नरसिंह नाथ यादव, उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार पाठक, आरक्षक सुशील यादव, तरुण महिलाने, नरेश रजक, संजय एक्का और राकेश कुमार नायक की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि चाकूबाजी, लूट और गंभीर अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जूटमिल पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है और ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































