रात घर से निकला 16 साल का किशोर, सुबह खाली प्लॉट में मिला शव – आखिर क्या हुआ? रामभांठा में किशोर का शव मिलने से सनसनी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी रायगढ़
पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में मिला धनुर्जय चौहान का शव, सिर पर चोट के निशान; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, संदिग्धों से पूछताछ
रायगढ़ ACGN:- शहर के रामभांठा इलाके में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुराने बस डिपो के पास एक खाली प्लॉट में 16 वर्षीय किशोर का शव मिला। मृतक की पहचान रामभांठा निवासी धनुर्जय चौहान उर्फ गणेश के रूप में हुई है। किशोर सोमवार रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पिता ने की शव की पहचान
मौके पर पहुंचे शिवलाल चौहान, पिता बालकराम चौहान, उम्र 49 वर्ष, निवासी रामभांठा, मूल निवासी नवीन भटगांव, थाना लैलूंगा ने शव की पहचान अपने पुत्र धनुर्जय चौहान उर्फ गणेश के रूप में की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि धनुर्जय सोमवार रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई। मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में शव मिलने की सूचना मिली तो परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
सिर पर चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में किशोर के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
कुछ संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों, किशोर के रात में घर से निकलने के बाद के घटनाक्रम और अन्य संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य भी जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
एसएसपी बोले जल्द होगा मामले का खुलासा
रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उनके अनुसार जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































