किसानों की मेहनत से भोरमदेव कारखाने का देश में डंका, लगातार दो साल सर्वाधिक रिकवरी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कवर्धा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
28 हजार शेयरधारी किसानों को 30 रुपये किलो में 50 किलो शक्कर, उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य; किसानों की सुविधा के लिए कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा
कवर्धा ACGN:- भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल कर अपनी अलग पहचान बनाई है। इसी उपलब्धि के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को कारखाना परिसर में लगभग 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर वितरण का शुभारंभ किया। किसानों को रियायती दर पर शक्कर देने की यह लगातार तीसरे वर्ष की व्यवस्था है।
कार्यक्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कारखाने को वर्ष 2024-25 और 2025-26 में सर्वोच्च शुगर रिकवरी के लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से एफिशिएंसी अवार्ड मिलने पर क्षेत्र के किसानों, शेयरधारकों और कर्मचारियों को बधाई दी गई।

किसानों के लिए कारखाना परिसर में बनेगा डोम
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह कारखाना किसानों का अपना कारखाना है और इसकी मजबूती किसानों की सहभागिता से ही संभव है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 4 हजार 686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है, जिससे शेयरधारी किसानों की संख्या करीब 28 हजार हो गई है। इन किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।

2.55 लाख से 4 लाख मीट्रिक टन पेराई का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही करीब 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि कारखाना लगातार सुचारु रूप से संचालित हो और उसका लाभ किसानों तक पहुंचे। उन्होंने किसानों को समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।

लगातार दो साल देश में सर्वाधिक रिकवरी
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उसने 2024-25 और 2025-26 में देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल की। इस उपलब्धि के लिए कारखाने को प्रमाण पत्र और राष्ट्रीय स्तर का एफिशिएंसी अवार्ड मिला है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि केवल कारखाना प्रबंधन की नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत का परिणाम है। गुणवत्तापूर्ण गन्ने का उत्पादन, किसानों का परिश्रम, कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना ने मिलकर कारखाने को यह पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि सहकारी व्यवस्था की विशेषता यही है कि इसमें होने वाला लाभ सदस्यों के बीच साझा होता है। उन्होंने किसानों से कारखाने से जुड़ने, शेयरधारी बनने और गन्ना अनुबंध के माध्यम से सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।

मंत्री नेताम बोले कवर्धा के किसानों ने बढ़ाया प्रदेश का मान
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि किसानों को त्योहार के समय रियायती दर पर शक्कर मिलना खुशी की बात है। तीजा और गणेश चतुर्थी जैसे पर्वों के बीच किसानों के घर शक्कर पहुंचने से त्योहार की खुशियों में मिठास बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से किसानों के हित में शक्कर वितरण की व्यवस्था फिर शुरू हुई है। कवर्धा के किसानों की मेहनत और बेहतर गन्ना उत्पादन ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है।
मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलें और गन्ने का उत्पादन बढ़े। किसानों के हित में बोनस बढ़ाने के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, बोड़ला नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान और कारखाना से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक रिकवरी और किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण जैसी उपलब्धियों के बीच अब भोरमदेव शक्कर कारखाने के सामने उत्पादन बढ़ाने और अधिक किसानों को सहकारिता से जोड़ने की चुनौती भी है। किसानों की भागीदारी और गुणवत्तापूर्ण गन्ने की उपलब्धता से कारखाने को आगे भी इसी प्रदर्शन को बनाए रखने की उम्मीद है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































