सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेज, लापरवाही नहीं चलेगी! लंबित मामलों पर कलेक्टर सख्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश, लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण और योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
रायपुर ACGN:- आम लोगों से जुड़े सरकारी मामलों के समय पर निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर रायपुर जिला प्रशासन ने अब काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने निर्धारित समय सीमा में लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लंबित मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों और प्रकरणों का भी तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निराकरण करने को कहा गया, ताकि आम नागरिकों की शिकायतों का समय पर समाधान हो सके।
कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए डिजिटल क्रॉप सर्वे, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फार्मर रजिस्ट्री के काम को गति देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को मैदानी स्तर पर इन योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को इसके लिए ठोस रणनीति तैयार करने तथा अंतर-विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित मामलों को जल्द सुलझाने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, राष्ट्रीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ जैसे कार्यक्रमों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने और अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा आगामी समय में शुरू की जाने वाली महत्वाकांक्षी ‘अंत्योदय वंदन योजना’ और ‘प्रोजेक्ट चक्र’ को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को इन योजनाओं के उद्देश्य और जिम्मेदारियों को समझते हुए पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ कार्य करने का मार्गदर्शन दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित जिला प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दिए गए निर्देशों से स्पष्ट है कि प्रशासन अब लंबित मामलों और जनसेवाओं में देरी को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दे रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































