नारायणपुर में शिक्षक सम्मान से युवा उड़ान तक दिखा उत्साह, शिक्षा-संस्कार और हुनर को मिला सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
सेवानिवृत्त शिक्षकों, शिक्षा दूतों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान; वन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं को दिया हुनर और अनुशासन का संदेश
नारायणपुर, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर नारायणपुर के ए.जी. ऑडिटोरियम में शिक्षा, संस्कार, युवा प्रतिभा और कौशल विकास से जुड़े दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण सम्मान समारोह में जहां सेवानिवृत्त शिक्षकों और उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया, वहीं ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ियों तथा कौशल विकास से जुड़े युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया।
सेवानिवृत्त शिक्षकों और शिक्षा दूतों का सम्मान
मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप तथा राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर उपस्थित रहे।

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि अनुशासन, संस्कार, धैर्य और संकल्प के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने से ही सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने परिवार को पहली पाठशाला बताते हुए माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान को भारतीय संस्कृति का मूल आधार बताया। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने मोबाइल फोन का उपयोग पढ़ाई और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के लिए करने तथा इसके दुरुपयोग से बचने की सलाह दी।

समारोह में लेखक श्री शिव कुमार पाण्डेय की अबूझमाड़ की संस्कृति पर आधारित पुस्तक ‘बस्तर के लोक जीवन में वनस्पतियां’ का विमोचन किया गया। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 15 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं विकासखंड स्तर पर 6 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार और जिला स्तर पर 3 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

‘युवा उड़ान’ से युवाओं को हुनर और भविष्य का संदेश
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ विजन और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से ए.जी. ऑडिटोरियम में ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ियों, दिव्यांगजनों, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थियों और आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं ने सहभागिता की।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति ही विकसित भारत 2047 और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि बस्तर के प्रतिभावान विद्यार्थी, खिलाड़ी और कौशल विकास से जुड़े युवा प्रदेश की प्रगति की नई दिशा तय करने की क्षमता रखते हैं।
राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपने हुनर, कौशल, जिज्ञासा और रचनात्मकता को लगातार विकसित करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सही दिशा और मंच देना ही ‘युवा उड़ान’ का मुख्य उद्देश्य है।

विशेषज्ञों ने युवाओं को बताए राष्ट्र निर्माण के रास्ते
कार्यक्रम के बौद्धिक सत्रों में विशेषज्ञों ने युवाओं को मार्गदर्शन दिया। डॉ. मीनाक्षी ठाकुर ने विकसित भारत 2047, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. विश्वजीत ने विषय के संवैधानिक और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी तथा ‘एक देश-एक चुनाव’ की महत्ता पर चर्चा की। डॉ. सतीश पाण्डेय ने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की आदत विकसित करने का संदेश दिया।
मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को मिला सम्मान
‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में 94.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा भाविका देवांगन तथा 94 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कोविता कोर्राम को सम्मानित किया गया।
खेल क्षेत्र में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के मलखंभ विजेता संताय पोटाई और मोनिका पोटाई, खेलो इंडिया फुटबॉल उपविजेता शशिकांत कुमेटी और मनीष कोवाची, ऑल इंडिया खो-खो क्वालीफायर अमृता गोटा, नेशनल स्कूल गेम्स खो-खो विजेता शामुएल कल्लो और किशोर कावड़ो तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी दिव्या कांगे को खेल पुरस्कार से नवाजा गया।
दोनों कार्यक्रमों में नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रस्थ बघेल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पिंकी उसेंडी, कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एमजी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































