महंगाई और स्मार्ट मीटर पर कांग्रेस का हमला, SECL – BALCO से पी एम आवास तक उठे जनहित के सवाल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- कोरबा
31 अगस्त को जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता; नोबेल वर्मा ने महंगाई और बिजली के मुद्दे पर सरकार को घेरा, जयसिंह अग्रवाल ने SECL-BALCO पर उठाए सवाल, विधायक फूलसिंह राठिया ने प्रधानमंत्री आवास मामले में जांच की मांग की

कोरबा ACGN:- जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा 31 अगस्त 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय, टीपी नगर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल तथा रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश में बढ़ती महंगाई, स्मार्ट मीटर, बिजली के बढ़ते आर्थिक बोझ, SECL से जुड़े फ्लाई ऐश एवं भू-विस्थापन के मुद्दों तथा BALCO क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अपनी बात रखी।
नोबेल वर्मा ने महंगाई और स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार को घेरा

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम परिवार पहले से ही रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों से परेशान है और ऐसे समय में बिजली से जुड़ा अतिरिक्त आर्थिक बोझ लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।

उन्होंने स्मार्ट मीटर के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल बढ़ने की शिकायतें कई उपभोक्ताओं द्वारा की जा रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और बिलिंग व्यवस्था की पारदर्शी जांच कराई जाए।
नोबेल वर्मा ने कहा कि बिजली आज प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता है। ऐसे में बिजली बिल में बढ़ोतरी का सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ता है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की हाफ बिजली बिल योजना का उल्लेख करते हुए इसे पुनः लागू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई और बिजली से जुड़े सवालों पर जनता को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। कांग्रेस आम जनता से जुड़े इन मुद्दों को लेकर आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी।

जयसिंह अग्रवाल ने SECL की जवाबदेही पर उठाए सवाल
इसके बाद पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने SECL से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने रखा। उन्होंने मानिकपुर ओपन कास्ट खदान में फ्लाई ऐश डंपिंग को लेकर SECL प्रबंधन द्वारा केंद्रीय कोयला मंत्रालय को दी गई जानकारी पर सवाल उठाया।
जयसिंह अग्रवाल के अनुसार उन्होंने अप्रैल 2026 में केंद्रीय कोयला मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी को पत्र भेजकर मानिकपुर में फ्लाई ऐश डंपिंग का विषय उठाया था। उनके अनुसार मंत्रालय को SECL प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई थी कि 5 नवंबर 2025 से फ्लाई ऐश डंपिंग बंद कर दी गई है।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जून 2026 में स्थल के फोटोग्राफ्स एवं अन्य साक्ष्यों के साथ मामला दोबारा उठाया गया। उन्होंने इसी आधार पर सवाल किया कि यदि जून 2026 तक डंपिंग जारी रहने की स्थिति थी तो मंत्रालय को नवंबर 2025 से डंपिंग बंद होने की जानकारी किस आधार पर दी गई।
उन्होंने इसे किसी अधिकारी विशेष को बदनाम करने का विषय नहीं बल्कि SECL की संस्थागत जवाबदेही और विश्वसनीयता से जुड़ा प्रश्न बताया तथा पूरे मामले की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
भू-विस्थापितों के अधिकारों का मुद्दा भी उठा
जयसिंह अग्रवाल ने SECL से प्रभावित भू-विस्थापित परिवारों की समस्याओं को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने लंबित मुआवजे, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, पात्र भू-विस्थापितों के रोजगार प्रकरणों तथा छूटे हुए मकानों एवं भूमि के पुनः सर्वे का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन विकास परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के अधिकारों का भी सम्मान होना चाहिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
उन्होंने 21 अगस्त 2026 को प्रस्तावित पर्यावरणीय जनसुनवाई के स्थगित होने का उल्लेख करते हुए कहा कि अब SECL प्रबंधन के पास प्रभावित ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करने का अवसर है।
BALCO की सड़कों और श्रमिकों के मुद्दे पर भी चर्चा
जयसिंह अग्रवाल ने BALCO क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खराब सड़कों और भारी वाहनों की आवाजाही से स्थानीय नागरिकों, श्रमिकों एवं विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने सड़कों की तकनीकी जांच, आवश्यक मरम्मत तथा स्थायी समाधान के लिए समयसीमा तय करने की मांग की। साथ ही ठेका श्रमिकों से जुड़े मजदूरी, कार्य घंटे, ओवरटाइम, बीमा एवं स्वास्थ्य-सुरक्षा जैसे विषयों की निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी।
स्थानीय रोजगार और स्थानीय ठेकेदारों की भागीदारी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थापित उद्योगों के विकास के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार एवं व्यवसाय के अवसरों में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए।

प्रधानमंत्री आवास को लेकर विधायक फूलसिंह राठिया ने जांच की मांग की
प्रेस वार्ता में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने तिलकेजा सहित प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। इसलिए योजना के क्रियान्वयन में यदि कहीं भी अनियमितता या भ्रष्टाचार की शिकायत है तो उसकी निष्पक्ष एवं गंभीर जांच होना आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि तिलकेजा सहित संबंधित क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों, हितग्राहियों, स्वीकृत राशि, भुगतान और निर्माण की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार प्रमाणित होता है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
विधायक ने कहा कि किसी भी पात्र गरीब हितग्राही के अधिकार का नुकसान नहीं होना चाहिए और सरकारी योजना का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए।
प्रेस वार्ता के बाद कांग्रेस ने निकाली रैली
प्रेस वार्ता के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नवीन वर्मा एवं जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया।

प्रेस वार्ता एवं रैली के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू अर्चना उपाध्याय, रेखा त्रिपाठी, सपना चौहान, राजेंद्र तिवारी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल ‘अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़’ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711,9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































