जब बरसी कला की फुहार, तालियों से गूंज उठा मुक्ताकाशी मंच
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू,
सुर, लय, ताल और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के बीच ‘पावस प्रसंग 2026’ का भव्य समापन, कलाकारों के सम्मान और प्रोत्साहन को सरकार ने बताया प्राथमिकता
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर के मुक्ताकाशी मंच में संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन ‘पावस प्रसंग 2026’ का अंतिम दिन सुर, लय, ताल और नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों से यादगार बन गया। कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के बीच मुक्ताकाशी मंच पर दर्शकों का सैलाब उमड़ पड़ा। शास्त्रीय संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण कला के रंग में रंगा नजर आया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

समापन समारोह में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा पावस ऋतु के उत्साह और उल्लास के साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से ‘पावस प्रसंग’ का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि आयोजन में शास्त्रीय संगीत, गायन और विभिन्न नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और कला की समृद्ध परंपरा को सामने लाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कलाकारों और नवोदित प्रतिभाओं को मंच देकर उन्हें प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार कलाकारों के हितों के संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। कलाकारों के प्रोत्साहन और कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें मुख्यमंत्री कलाकार प्रोत्साहन योजना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने ‘पावस प्रसंग’ में अपनी कला-साधना के माध्यम से वर्षा ऋतु के सौंदर्य को साकार करने वाले सभी कलाकारों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे अपनी प्रतिभा व साधना के बल पर देश-विदेश के प्रतिष्ठित मंचों पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।
मंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए कला प्रेमी दर्शकों, मीडियाकर्मियों और पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही संस्कृति विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कथक और ओडिसी ने बांधा ऐसा समां कि थम गईं निगाहें
पावस प्रसंग के अंतिम दिन विभिन्न नृत्य शैलियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विनीता त्रिपाठी ने कथक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इसके बाद श्री कृष्ण कुमार पंडित और सुश्री अशिका सिंघल ने कथक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति से मंच को जीवंत कर दिया।

आर्या नदें ने ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति दी, जबकि सुश्री ज्योतिषी वैष्णव ने कथक के माध्यम से दर्शकों को भाव और लय की खूबसूरती से परिचित कराया। कलाकारों की पदचाप, भाव-भंगिमाओं, ताल और लय के अद्भुत समन्वय ने मुक्ताकाशी मंच पर मौजूद दर्शकों को बांधे रखा। प्रत्येक प्रस्तुति के बाद गूंजती तालियों ने कलाकारों के प्रति दर्शकों की सराहना को बयां किया।
विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी ने बढ़ाई समारोह की गरिमा
समापन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य क्षेत्र के बौद्धिक प्रमुख जी. नागेन्द्र, पूर्व मुख्य सचिव एस.के. मिश्रा, पूर्व अपर मुख्य सचिव डॉ. इंद्रा मिश्रा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, छत्तीसगढ़ साहित्य परिषद के अध्यक्ष शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म बोर्ड की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, संस्कृति एवं पुरातत्व संचालक डॉ. संजय कनौजे, उपसंचालक संस्कृति श्री उमेश मिश्रा, पद्मश्री श्रीमती ऊषा बारले, श्रीमती प्रसना अवस्थी, फिल्म बोर्ड सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार एवं छायाकार श्री दीपेंद्र दीवान, श्रीमती आरती सिंह, वरिष्ठ साहित्यकार श्री चितरंजन कर, साहित्यकार मंत्री राजेश गानोदवाले और श्री राम पटवा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

‘पावस प्रसंग 2026’ के अंतिम दिन कला, संस्कृति, संगीत और नृत्य का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसमें पावस ऋतु की भावनाओं और सौंदर्य को कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से जीवंत कर दिया। दर्शकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और मुक्ताकाशी मंच पर उमड़ी भीड़ के बीच चार दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन का भव्य और गरिमामय समापन हुआ।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































