गुम मोबाइल का ‘डिजिटल ट्रैक’, 150 फोन बरामद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
रायगढ़ साइबर पुलिस ने तीन महीने में 37.50 लाख रुपये से अधिक कीमत के मोबाइल खोजकर उनके मालिकों को लौटाए
रायगढ़ ACGN:- मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 150 लोगों के चेहरे उस समय खिल उठे, जब रायगढ़ साइबर पुलिस ने उनके मोबाइल खोजकर वापस सौंपे। साइबर पुलिस ने पिछले तीन महीनों में तकनीकी संसाधनों, CEIR पोर्टल और ‘डिजिटल ट्रैक’ के जरिए गुम एवं चोरी हुए 150 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 37.50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
ओडिशा से बिहार और कोलकाता तक पहुंची पुलिस की तकनीकी निगरानी
पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल रायगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अलावा ओडिशा, बिहार, कोलकाता तथा छत्तीसगढ़ के कोरबा, जांजगीर सहित अन्य क्षेत्रों में उपयोग किए जा रहे थे। साइबर पुलिस ने तकनीकी जानकारी का विश्लेषण कर मोबाइलों का पता लगाया और संबंधित उपयोगकर्ताओं से संपर्क कर उन्हें बरामद किया।

CEIR पोर्टल बना गुम मोबाइल खोजने का जरिया – मोबाइल गुम या चोरी होने के बाद शिकायतकर्ता द्वारा CEIR पोर्टल पर मोबाइल की जानकारी दर्ज करने पर उसके IMEI नंबर को सिस्टम में दर्ज कर मोबाइल ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है। इसके बाद यदि कोई व्यक्ति उसमें दूसरी सिम डालकर उसका उपयोग करता है तो नेटवर्क से मिलने वाली तकनीकी जानकारी के आधार पर साइबर पुलिस मोबाइल की गतिविधि और उपयोगकर्ता तक पहुंचने का प्रयास करती है।

Vivo से OnePlus तक महंगे फोन बरामद – साइबर पुलिस द्वारा बरामद मोबाइलों में Vivo, Oppo, Redmi, Poco, Realme, OnePlus, Samsung और Motorola सहित कई कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। मोबाइल वापस मिलने के बाद कई लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया। कुछ लोगों ने पुलिस अधिकारियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

‘मोबाइल में सिर्फ नंबर नहीं, पूरी डिजिटल दुनिया’ – मोबाइल वितरण कार्यक्रम में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आज मोबाइल केवल बातचीत का साधन नहीं है। इसमें बैंकिंग जानकारी, जरूरी दस्तावेज, निजी फोटो, संपर्क नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां रहती हैं। इसलिए मोबाइल का गुम होना केवल आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि निजी जानकारी की सुरक्षा से भी जुड़ा विषय है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी को रास्ते में गुम मोबाइल मिले तो उसका इस्तेमाल करने के बजाय उसे तत्काल पुलिस या साइबर थाना में जमा करें। किसी दूसरे व्यक्ति का गुम या चोरी हुआ मोबाइल अपने पास रखना अथवा उसका उपयोग करना कानूनी परेशानी खड़ी कर सकता है।
साइबर टीम की मेहनत से मिली सफलता – साइबर डीएसपी शिखर मरावी के पर्यवेक्षण और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में टीम ने लगातार शिकायतों की मॉनिटरिंग करते हुए तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया। इसी के आधार पर अलग-अलग राज्यों और जिलों में उपयोग हो रहे मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया।
मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें शिकायत – रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर IMEI नंबर दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक एवं ट्रेसिंग के लिए रिपोर्ट करें। मोबाइल में बैंकिंग, UPI, ई-मेल या सोशल मीडिया अकाउंट जुड़े होने पर संबंधित खातों की सुरक्षा के लिए पासवर्ड बदलने जैसे जरूरी कदम भी उठाएं।
150 मोबाइल की बरामदगी सिर्फ खोई संपत्ति वापस दिलाने की कार्रवाई नहीं, बल्कि तकनीक के जरिए नागरिकों का भरोसा मजबूत करने की दिशा में रायगढ़ पुलिस की महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































