मिनीमाता की पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक स्मरण, सामाजिक न्याय और महिला शिक्षा में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत : जयसिंह अग्रवाल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
मिनीमाता कन्या महाविद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा, डॉ. चरणदास महंत ने कहा, मिनीमाता सामाजिक परिवर्तन की सशक्त आवाज थीं
कोरबा। छत्तीसगढ़ की महान समाजसेविका, महिला शिक्षा और सामाजिक न्याय की प्रबल समर्थक तथा अविभाजित मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ क्षेत्र से निर्वाचित प्रथम सांसद मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर कोरबा स्थित मिनीमाता कन्या महाविद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिनीमाता के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मिनीमाता के जीवन और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं थीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की एक सशक्त आवाज थीं। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए मिनीमाता ने जिस दृढ़ता के साथ आवाज उठाई, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है।

डॉ. महंत ने कहा कि मिनीमाता ने अपने संघर्ष और सेवाभाव को किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने दलितों, महिलाओं, बालिकाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों तथा सम्मान के लिए निरंतर काम किया। छत्तीसगढ़ के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास में उनका योगदान महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मिनीमाता ने सार्वजनिक जीवन में रहते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को सदन तक पहुंचाने का काम किया। कमजोर वर्गों के अधिकार, महिलाओं का सम्मान और सामाजिक न्याय उनके सार्वजनिक जीवन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहे। उन्होंने कहा कि मिनीमाता का जीवन यह संदेश देता है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा का प्रभावी माध्यम भी हो सकती है।
जयसिंह अग्रवाल ने महिला और बालिका शिक्षा के क्षेत्र में मिनीमाता के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस समय महिलाओं और बालिकाओं की शिक्षा के सामने अनेक सामाजिक बाधाएं थीं, उस दौर में मिनीमाता ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का मजबूत आधार माना। महिला शिक्षा, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के उनके प्रयास आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मिनीमाता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को याद करते हुए सामाजिक समरसता, समानता, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर, कोरबा जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, हरीश परसाई, पूर्व जिलाध्यक्ष शहर सपना चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, पालू राम साहू, पार्षद रवि सिंह चंदेल, रामगोपाल कुर्रे, नारायण लाल कुर्रे, बद्रीकिरण, पूर्व पार्षद अर्चना उपाध्याय, रामगोपाल यादव, सनीश कुमार, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मो. शाहिद, गिरधारी बरेठ, सांता मांडावे, पुष्पा पात्रे, मनहरण राठौर, रवि खूंटे, संगीता श्रीवास, शांति भैना, अंकित वर्मा सहित अनेक कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं महाविद्यालय से जुड़े लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में मिनीमाता के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव दिखाई दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए मिनीमाता ने जो रास्ता दिखाया, उसे आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































