सप्रे शाला में पुलिस का संवाद, सुरक्षा का संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
“संवाद से समाधान” कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, बाल सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात नियमों की दी जानकारी
रायपुर ACGN :- पुलिस और विद्यार्थियों के बीच संवाद बढ़ाकर सुरक्षा एवं कानून के प्रति जागरूकता मजबूत करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के जनजागरूकता अभियान के तहत माधवराव सप्रे शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, बूढ़ापारा में “संवाद से समाधान” कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधे संवाद कर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और सवालों का सरल तरीके से समाधान किया।
कार्यक्रम का आयोजन थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्री सतीश सिंह गहरवार, परिवीक्षाधीन उप निरीक्षक सुश्री ज्योति पटेल एवं थाना कोतवाली के पुलिसकर्मियों द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान, बाल सुरक्षा, बाल अपराध, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सामाजिक माध्यमों के सुरक्षित उपयोग और यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से विशेष रूप से सतर्क रहने की समझाइश दी। अनजान फोन कॉल, संदिग्ध संदेश, लिंक और क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाली ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
महिला और बाल सुरक्षा पर विशेष जोर – कार्यक्रम में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझने, किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध को छिपाने के बजाय समय पर जानकारी देना जरूरी है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1091 तथा बाल सुरक्षा के लिए 1098 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।
यातायात नियम और नशे से दूरी का संदेश – पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की भी समझाइश दी। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के उपयोग को जरूरी बताते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर उत्साहपूर्वक सवाल पूछे। पुलिस टीम ने व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से उनके सवालों का समाधान किया। इससे विद्यार्थियों और पुलिस के बीच सीधे संवाद का अवसर मिला और कानून व्यवस्था को लेकर उनकी समझ भी मजबूत हुई।
“संवाद से समाधान” कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जानकारी देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और पुलिस के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करना भी रहा। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि सुरक्षित समाज का निर्माण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जागरूकता, सतर्कता और सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
थाना कोतवाली पुलिस की ओर से बताया गया कि विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सुरक्षा, कानून तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


