सरगुजा को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात, डीएमएफ से 26 पैरामेडिकल पद स्वीकृत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की पहल से दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों को मिलेगा नया संबल
सरगुजा ACGN:- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की पहल पर सरगुजा जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में लंबे समय से बनी पैरामेडिकल कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) निधि से 26 पैरामेडिकल पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय से जिले के दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन के अनुसार स्वीकृत पदों पर एकमुश्त मानदेय के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन नियुक्तियों का उद्देश्य प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराना, मरीजों को समय पर उपचार सुनिश्चित करना तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन को गति देना है।
स्वीकृत पदों में 6 फार्मासिस्ट, 3 स्टाफ नर्स, 6 एएनएम, 2 आरएचओ (पुरुष), 1 ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन तथा 8 ड्रेसर के पद शामिल हैं। इनकी तैनाती जिले के विभिन्न विकासखंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में की जाएगी।
अंबिकापुर विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवानगर, रामपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक पैरामेडिकल कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा बतौली, लखनपुर, धौरपुर, मैनपाट, सीतापुर और उदयपुर विकासखंडों के दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों में भी इन पदों के माध्यम से मानव संसाधन की कमी दूर की जाएगी। वहीं शहरी अंबिकापुर के नवापारा शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन, स्टाफ नर्स और ड्रेसर की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाया जाएगा।
जिला प्रशासन का कहना है कि इन नियुक्तियों के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिक उपचार, दवा वितरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण तथा आवश्यक जांच जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेंगी। इससे मरीजों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय की अनावश्यक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी तथा समय और आर्थिक व्यय दोनों की बचत होगी।
प्रदेश सरकार का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना के विकास और आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की पहल से सरगुजा जिले को मिली यह सौगात दूरस्थ अंचलों के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


