गुरु पूर्णिमा पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया लाभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
ब्रह्मपुर, ओडिशा
By ACGN 76479 81711 930 394 8009
ओडिशा ब्यूरो : अनिल कुमार चौधरी
स्वशक्ति जागरण सेवा ट्रस्ट की अनूठी पहल, दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव में चिकित्सा सेवा, नेत्र परीक्षण, आध्यात्मिक प्रवचन और महाप्रसाद का हुआ आयोजन
ब्रह्मपुर, ACGN। स्वशक्ति जागरण सेवा ट्रस्ट द्वारा ब्रह्मपुर के पानीग्रही पेंट साही स्थित श्री श्री श्री रघुनाथ मंदिर परिसर में दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवा गतिविधियों का लाभ उठाया।
ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष पूज्य सद्गुरुदेव श्री श्री कृष्ण भैयाजी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन आयुष्मान मेडिको-360 के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया। शिविर में डॉ. एन. संतोष कुमार, डॉ. एस. साहित्य (दंत चिकित्सक), डॉ. प्रशांत कुमार साहू, सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. नलिनीकांत पाढ़ी तथा ब्रह्मपुर मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य नारायण दास ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं।

शंकर आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने नेत्र परीक्षण कर मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की पहचान की। चयनित मरीजों को शल्य चिकित्सा के लिए अस्पताल के चिकित्सा केंद्र भेजा गया। शिविर में मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित विभिन्न रोगों की जांच भी की गई तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
महोत्सव के दूसरे दिन गुरुपूजा, गुरुदीक्षा एवं आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन हुआ। वृंदावन धाम के महामंडलेश्वर श्री ललित महाराज तथा पूज्य सद्गुरुदेव श्री श्री कृष्ण भैयाजी ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व, आध्यात्मिक जीवन के मूल्यों और नैतिक जीवन में गुरु के मार्गदर्शन की आवश्यकता पर अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए।

ट्रस्ट की सामाजिक सेवा गतिविधियों के अंतर्गत पूज्य सद्गुरुदेव श्री श्री कृष्ण भैयाजी ने धनमेरा साही स्थित प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को नए वस्त्र वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया। इस सेवा कार्य की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संतोष कुमार मोहंती, समीर कुमार मोहंती, विद्याधर गौड़ा, अनिल कुमार चौधरी, कामराजू दास, बलराम जेना, चंदन साहू, दीपक पाणिग्राही, गणेश प्रधान, तपन साहू, संगीता मोहंती, गीता मोहंती, अंजू मोहंती, शर्मिला सेठी, सुनीता जेना, पुष्पांजलि प्रधान सहित ट्रस्ट के विभिन्न राज्यों से आए सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने भजन एवं संकीर्तन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। समापन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
स्वशक्ति जागरण सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले ऐसे सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। श्रद्धालुओं ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


