नाबालिग वाहन चालकों पर यातायात पुलिस सख्त,
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
स्कूलों के बाहर विशेष अभियान, ओवरलोड ऑटो-रिक्शाओं पर भी कार्रवाई; अभिभावकों की काउंसलिंग कर दी गई समझाइश।
रायपुर ACGN:- पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की यातायात पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों तथा क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को बैठाकर संचालित किए जा रहे ऑटो-रिक्शाओं के विरुद्ध विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में कुल 145 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न विद्यालयों के बाहर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कमल विहार स्थित केपीएस स्कूल, पचपेड़ी नाका के आत्मानंद स्कूल, टाटीबंध के भारत माता स्कूल, कालीबाड़ी के जे.आर. दानी स्कूल, अग्रसेन चौक के देशबंधु स्कूल, अवंती विहार के रेयान स्कूल, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के केंद्रीय विद्यालय सहित कई स्कूलों के बाहर जांच की गई। साथ ही क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चलाए जा रहे ऑटो-रिक्शाओं के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रहकर विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ समन्वय बैठक भी आयोजित की। बैठक में विद्यालय परिसर में नाबालिग विद्यार्थियों के वाहन लेकर आने पर रोक लगाने, अभिभावकों को नियमित रूप से जागरूक करने तथा सुरक्षित स्कूल परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिन नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, उनके अभिभावकों को यातायात मुख्यालय कालीबाड़ी बुलाकर काउंसलिंग की गई। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित प्रस्तुतीकरण और वीडियो के माध्यम से उन्हें कम उम्र में वाहन चलाने के गंभीर खतरे तथा नाबालिग को वाहन उपलब्ध कराने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई।

यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए स्कूल बस, अधिकृत ऑटो-रिक्शा अथवा अन्य सुरक्षित परिवहन व्यवस्था का उपयोग करें और किसी भी स्थिति में नाबालिग बच्चों को मोटर वाहन न दें।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा ने कहा कि यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार केवल चालान से संभव नहीं है। इसके लिए समाज, विद्यालय, अभिभावकों और बच्चों की साझा भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात संस्कृति विकसित करने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


