नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , गौ संरक्षण जनभागीदारी से ही बनेगा जनआंदोलन : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

गौ संरक्षण जनभागीदारी से ही बनेगा जनआंदोलन : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

रायपुर, छत्तीसगढ़

By ACGN 7647981711, 9303948009

‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान का शुभारंभ, गौ विज्ञान परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, गौ संरक्षण, डेयरी विकास और जैविक कृषि को नई गति देने की घोषणा।

रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि गौमाता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक कृषि और पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला हैं। गौ संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। जब प्रत्येक परिवार गौसेवा और गौ संरक्षण का संकल्प लेकर आगे आएगा, तभी यह अभियान जनभागीदारी से एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकेगा। मुख्यमंत्री सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित गौ सेवा संगम एवं गौ विज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशव्यापी ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को समर्पित वृक्षारोपण अभियान के पोस्टर का विमोचन किया तथा गौ विज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, गौसेवक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारतीय जीवन पद्धति का अभिन्न अंग है। कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में गाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि गौ विज्ञान परीक्षा जैसी पहल बच्चों और युवाओं को गाय के वैज्ञानिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक महत्व से परिचित कर रही है। इससे नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान के साथ वैज्ञानिक सोच का भी विकास हो रहा है।


मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष प्रदेश के स्कूलों और महाविद्यालयों के 1 लाख 64 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने गौ विज्ञान परीक्षा में भाग लिया। उन्होंने इसे अत्यंत सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि यह सहभागिता दर्शाती है कि युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूक हो रही है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी आगे चलकर गौ संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रभावी दूत बनेंगे।
श्री साय ने कहा कि गौ संरक्षण को स्थायी आधार तभी मिलेगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवारों, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी गौसेवा एवं गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करें, ताकि यह अभियान घर-घर तक पहुंचे और समाज में सकारात्मक परिवर्तन आए।


मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा संचालित शाला प्रवेश उत्सव और न्योता भोज जैसी अभिनव पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ अथवा माता-पिता की पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों पर विद्यालयों में बच्चों के साथ भोजन कराने की परंपरा समाज और विद्यालय के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत बना रही है। इससे बच्चों को अतिरिक्त पोषण भी मिल रहा है और समाज की शिक्षा व्यवस्था में भागीदारी भी बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि गाय से प्राप्त दूध, दही, गोबर और गोमूत्र जैसे सभी उत्पाद मानव जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। आज गोबर आधारित अनेक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जो ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गोबर एवं गोमूत्र आधारित उत्पादों के निर्माण, प्रशिक्षण और विपणन की बेहतर व्यवस्था विकसित करेगी, ताकि गौपालन को आय का सशक्त माध्यम बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। पंजीकृत गौशालाओं में प्रति गाय चारे के लिए दी जाने वाली सहायता राशि को 20 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। इसके साथ ही सुरभि गौधाम योजना के माध्यम से आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौधाम विकसित किए जा रहे हैं, जहां पशु चिकित्सकों, चरवाहों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद अब विकास का नया दौर शुरू हुआ है। कृषि और पशुपालन आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से देसी गाय उपलब्ध कराने की योजना प्रारंभ की गई है। इस योजना से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भविष्य में इस योजना का लाभ अन्य इच्छुक पशुपालकों, विशेष रूप से यादव समाज के लोगों तक भी पहुंचाने पर विचार कर रही है, जिससे डेयरी क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि गौ विज्ञान परीक्षा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौ संरक्षण के लिए गौ अभ्यारण्य विकसित कर रही है, जहां गौवंश के लिए पर्याप्त चारा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। देसी गाय के शुद्ध दूध के उत्पादन को बढ़ावा देकर आर्थिक स्वावलंबन के साथ जनस्वास्थ्य को भी मजबूती मिलेगी।
गौ सेवा गतिविधि के अखिल भारतीय संयोजक श्री अजीत महापात्र ने कहा कि गौ विज्ञान परीक्षा विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा तथा गाय के वैज्ञानिक महत्व से जोड़ने का प्रभावी प्रयास है। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गौ विज्ञान परीक्षा के तीनों वर्गों के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 31 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परीक्षा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष श्री राजीव लोचन जी महाराज, छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष श्री सुधीर गौतम, श्री चंद्रशेखर देवांगन, श्री आत्मबोध अग्रवाल, श्री मनोज पांडेय, श्री गोपाल यादव सहित छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति के पदाधिकारी, प्रदेशभर से आए गौ विज्ञान परीक्षा के प्रतिभागी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now