ऑपरेशन संवेदना की बड़ी सफलता, छह माह से लापता नाबालिग बालिका रायपुर से सकुशल बरामद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
पूंजीपथरा पुलिस ने विशेष टीम बनाकर की कार्रवाई, बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और शोषण करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
रायगढ़ जिले में महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन संवेदना” अभियान के तहत पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लगभग छह माह से लापता 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को रायपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी सहित एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा पुलिस द्वारा लगातार मामले की जांच और बालिका की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया।
स्कूल से लौटने के बाद गायब हुई थी बालिका
पुलिस के अनुसार 17 दिसंबर 2025 को थाना पूंजीपथरा में एक स्थानीय व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री 15 दिसंबर को स्कूल से वापस आने के बाद घर नहीं पहुंची। परिजनों को जानकारी मिली कि घनश्याम उर्फ सोनू बैरागी नामक युवक बालिका को मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गया था।
काफी खोजबीन के बाद भी बालिका का पता नहीं चलने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
रायपुर में तलाश के बाद मिली अहम जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूंजीपथरा पुलिस लगातार बालिका और आरोपी की तलाश में जुटी रही। पुलिस टीम ने कई बार रायपुर जाकर अलग-अलग स्थानों पर पतासाजी की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी रामकिंकर यादव द्वारा विशेष टीम गठित कर मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बालिका रायपुर के उरला-सिलतरा क्षेत्र में हो सकती है। उप निरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में टीम रायपुर रवाना हुई और दुकानों, फैक्ट्रियों तथा मजदूर बस्तियों में लगातार पूछताछ की गई।
पुलिस को एक किराना दुकानदार से महत्वपूर्ण सूचना मिली कि संबंधित बालिका आसपास के क्षेत्र में सामान लेने आती है। सूचना के आधार पर 24 जून 2026 को सरोरा उरला रायपुर स्थित अशोक पाइप प्लांट क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद किया गया।
बालिका के बयान के आधार पर हुई गिरफ्तारी
महिला अधिकारी द्वारा बालिका का बयान दर्ज किया गया, जिसमें सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में धाराओं का विस्तार करते हुए कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी घनश्याम उर्फ सोनू बैरागी बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और रायपुर क्षेत्र में उसे रखा था।
इसके बाद एक अन्य युवक सिसेन एक्का द्वारा भी शादी का प्रलोभन देकर बालिका का शोषण किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने प्रकरण में अपराध से संबंधित बाइक भी जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 87, 65(1) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने कहा — बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ काम कर रही है। ऑपरेशन संवेदना के माध्यम से पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, उप निरीक्षक संध्या रानी कोका सहित पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
घनश्याम दास बैरागी उर्फ सोनू निवासी नूनदरहा थाना घरघोड़ा एवं सिसेन एक्का निवासी सिगाना थाना लखनपुर जिला सरगुजा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें हमारी टीम का हिस्सा बनने के लिए संपर्क करें संपर्क सूत्र 7647981711 – 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


