मां से मारपीट का बदला लेने बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, बोरी में मिली लाश मामले का खुलासा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
रामानुजनगर पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई, बेटे सहित चार आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर ACGN:- थाना रामानुजनगर क्षेत्र के ग्राम तिवरागुड़ी-सरनापारा में बोरी में मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही बेटे ने पुरानी पारिवारिक कलह और मां से मारपीट से नाराज होकर की थी। पुलिस ने हत्या में शामिल बेटे सहित तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 को ग्राम तिवरागुड़ी सरनापारा में ग्रामीणों ने एक बोरी में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे, जिससे हत्या की आशंका पर थाना रामानुजनगर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने सोशल मीडिया, तकनीकी साक्ष्यों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर मृतक की पहचान ग्राम चिरमी परसापानी निवासी शिवप्रसाद के रूप में की।
पुलिस जब मृतक के घर पहुंची तो कमरे में खून के निशान मिले। संदेह के आधार पर मृतक के बेटे अमृत लाल से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि पिता द्वारा मां से बार-बार विवाद और मारपीट करने से नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपी ने बताया कि रात में जब पिता सो गए तो लोढ़ा और टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद मौसा हरवंश सिंह की मदद से शव को बोरी में भरकर मोटरसाइकिल से ले जाकर तिवरागुड़ी क्षेत्र में फेंक दिया गया। घटना में दोस्त कौशल उईके और मां बीरा बाई की भी भूमिका सामने आई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमृत लाल, हरवंश सिंह, कौशल सिंह उईके और बीरा बाई को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोढ़ा, टांगी, मृतक का मोबाइल और शव ले जाने में उपयोग की गई तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना रामानुजनगर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। मामले के खुलासे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, एसडीओपी प्रेमनगर बेनार्ड कुजूर सहित थाना प्रभारी राजेंद्र साहू और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


