“ऑपरेशन तलाश” में 13 साल से फरार चोरी का आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़ छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
“ऑपरेशन तलाश” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, घरघोड़ा पुलिस ने बरभौना में दी दबिश
रायगढ़, रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वर्ष 2013 के बहुचर्चित पोल्ट्री फार्म चोरी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना घरघोड़ा पुलिस ने थाना छाल क्षेत्र के ग्राम बरभौना में दबिश देकर आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया को गिरफ्तार किया।
पोल्ट्री फार्म से हुई थी हजारों अंडों और मुर्गों की चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार 09 अक्टूबर 2013 की रात ग्राम भेंगारी स्थित एक पोल्ट्री फार्म में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-13-एल-3356 में पहुंचे आरोपियों ने पोल्ट्री फार्म से लगभग 300 जीवित मुर्गे, 150 प्लास्टिक अंडा ट्रे तथा करीब 9000 अंडे चोरी कर लिए थे। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपए आंकी गई थी।
मामले में पोल्ट्री फार्म संचालक की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 378/2013 धारा 457, 380 एवं 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पहले एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार थे – जांच के दौरान 13 अक्टूबर 2013 को पुलिस ने आरोपी शैलेश कुमार महतो निवासी छपरा (बिहार), हाल मुकाम रक्सापाली थाना भूपदेवपुर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन एवं 2500 रुपए बरामद किए गए थे। पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम सामने आए थे, जिनमें चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया का नाम भी शामिल था। घटना के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई – “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक श्री कुमार गौरव को सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गांव बरभौना में मौजूद है। सूचना मिलते ही एएसआई श्री नरेंद्र सिदार एवं प्रधान आरक्षक श्री अरविंद पटनायक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया पिता पीलाराम राठिया उम्र 30 वर्ष निवासी बरभौना थाना छाल जिला रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर 22 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी – रायगढ़ पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस टीम विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
एसएसपी का सख्त संदेश – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों, वारंटियों और अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अपराध कर कानून से लंबे समय तक बच पाना संभव नहीं है और रायगढ़ पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






