माओवाद प्रभावित तर्रेम बना स्वास्थ्य मॉडल, मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बस्तर , छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
आयुष्मान आरोग्य मंदिर तर्रेम को NQAS प्रमाणन, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी उपलब्धि
बस्तर जिला ACGN:- कभी माओवादी गतिविधियों के कारण संवेदनशील और पिछड़े क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाला उसूर विकासखंड का ग्राम तर्रेम आज स्वास्थ्य सेवाओं में एक आदर्श मॉडल बनकर उभरा है। जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में अब स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है और ग्रामीणों का भरोसा भी लगातार बढ़ रहा है।
राज्य सरकार की पहल से क्षेत्र में पहुंच और सुविधाओं में सुधार हुआ है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं अब गांव स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर तर्रेम में प्रतिदिन लगभग 25 से 30 मरीजों की ओपीडी सेवाएं दी जा रही हैं। इसके साथ ही सुरक्षित प्रसव, लैब जांच और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यहां अस्पताल प्रबंधन को बेहतर बनाया गया है और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार, 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं का सुचारू संचालन तथा आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी आर पुजारी के नेतृत्व में आकांक्षी विकासखंड उसूर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर तर्रेम को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक NQAS प्रमाणन प्राप्त हुआ है जो क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 16 फरवरी 2026 से वर्चुअल मूल्यांकन किया गया था जिसमें 12 सेवाओं के आधार पर स्वास्थ्य केंद्र को 88.19 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। इस मूल्यांकन के दौरान सीएचओ, आरएचओ महिला एवं पुरुष, एएनएम सहित सभी स्वास्थ्य कर्मियों से राष्ट्रीय कार्यक्रमों और ग्रामीणों को दी जा रही सेवाओं पर विस्तृत जानकारी ली गई जिसमें सभी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि में जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री वरुण साहू, नर्सिंग ऑफिसर मानसी ताटपल्ली, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश ठाकुर, सेक्टर प्रभारी डॉ शिवा गौरी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक श्रवण नेताम, डाटा प्रबंधक निरंजन भोई सहित समस्त स्वास्थ्य स्टाफ, सीएचओ, आरएचओ, एएनएम एवं मितानिनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






