नकली सिगरेट के कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,महादेव पान मसाला सेंटर में छापेमारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
महादेव पान मसाला सेंटर में छापेमारी, 61 हजार रुपये से अधिक के नकली सिगरेट पैकेट जब्त, संचालक गिरफ्तार
रायगढ़ जिले में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सिगरेट के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर थाना पुलिस ने सिंधी कॉलोनी स्थित “महादेव पान मसाला” सेंटर और उसके गोदाम में छापेमारी कर असली ब्रांड से मिलते-जुलते नकली सिगरेट के पैकेट जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 61 हजार 310 रुपये बताई जा रही है।


यह कार्रवाई ITC Limited के अधिकृत प्रतिनिधि सदानंद मिश्रा द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में बताया गया था कि रायगढ़ क्षेत्र में कंपनी के पंजीकृत ब्रांड के नाम और लोगो से मिलते-जुलते नकली सिगरेट उत्पादों की बिक्री की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जा रहा है और कंपनी के ट्रेडमार्क का उल्लंघन हो रहा है। पुलिस ने गोपनीय रूप से सिगरेट के नमूने खरीदे, जिनकी जांच में गोल्ड फ्लेक ब्रांड के पैकेट में लोगो और फॉन्ट में गड़बड़ी पाई गई। साथ ही “गोल्ड विमल” जैसे उत्पाद भी कंपनी के पंजीकृत ट्रेडमार्क का उल्लंघन करते पाए गए।


इसके बाद सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। छापे के दौरान दुकान संचालक लक्ष्मण दास जय सिंह द्वारा नकली सिगरेट का संग्रहण और थोक वितरण किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से नकली सिगरेट के बड़ी मात्रा में पैकेट जब्त किए, जिनमें गोल्ड विमल, गोल्ड फ्लैक किंग, व्हाइट फ्लेक्स सहित विभिन्न ब्रांड के पैकेट शामिल हैं।



पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण दास जय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(1), 349 के साथ ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 की धारा 103, 104 तथा कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और 64 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिले में ट्रेडमार्क अधिनियम के तहत यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि नकली उत्पादों को असली बताकर बेचकर उपभोक्ताओं को धोखा देना गंभीर अपराध है और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






