खबर का हुआ असर, दिव्यांग की बदहाली पर सख्त हुआ जिला प्रशासन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
भैयाथान के दिव्यांग को हर महीने पंचायत देगी राशन, रुकी हुई पेंशन भी होगी बहाल
सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड में एक दिव्यांग की बदहाली से जुड़ी खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मीडिया में मामला प्रमुखता से उठने और जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह द्वारा लगातार आवाज़ उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित ग्राम पंचायत को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन के इस फैसले से पीड़ित दिव्यांग को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है और उसे हर महीने नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार भैयाथान ब्लॉक में रहने वाले एक दिव्यांग व्यक्ति को लंबे समय से राशन और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा था। इस मामले को लेकर जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह ने प्रशासन के समक्ष आवाज़ बुलंद की और स्थानीय संवाददाताओं द्वारा खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद मामला प्रशासन तक गंभीरता से पहुंचा। इसके बाद जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित पंचायत को लिखित आदेश जारी किया कि पीड़ित दिव्यांग को हर माह निर्धारित तिथि पर राशन उपलब्ध कराया जाए।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब पीड़ित दिव्यांग को राशन के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और पंचायत की जिम्मेदारी होगी कि राशन सीधे हितग्राही तक पहुंचाया जाए। इसके साथ ही महीनों से रुकी हुई दिव्यांग पेंशन को भी तत्काल प्रभाव से बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पात्र हितग्राही को उसके अधिकार का लाभ समय पर मिल सके।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह और खबर को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों का आभार जताते हुए कहा कि यदि समय रहते इस मुद्दे को नहीं उठाया जाता तो संभवतः प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर नहीं जाता।

जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह ने कहा कि यह जीत केवल एक दिव्यांग व्यक्ति की नहीं बल्कि सच्चाई और न्याय की आवाज़ की जीत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को किसी भी सरकारी योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो इसके लिए शासन-प्रशासन से हर स्तर पर लड़ाई भी लड़ी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके क्षेत्र के लोग केवल मतदाता नहीं बल्कि उनके परिवार के सदस्य हैं और वे उनके हितों की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






