भीषण गर्मी में आमजन को राहत देने ट्रैफिक सिग्नल दोपहर में रहेंगे बंद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
यातायात पुलिस की पहल, 17 अप्रैल से दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रहेंगे शहर के सिग्नल
बिलासपुर: भीषण गर्मी और लू से आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नलों को प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था 17 अप्रैल 2026 से लागू की जाएगी ताकि तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच सिग्नल पर खड़े रहने की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके।
यह निर्णय पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में लिया गया है। यातायात पुलिस द्वारा बताया गया है कि शहर में सरल, सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के साथ-साथ जनभावनाओं और सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है।
वर्तमान में ग्रीष्म ऋतु के दौरान तापमान में लगातार वृद्धि और भीषण गर्मी के कारण महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, बीमार और अस्वस्थ व्यक्तियों को सिग्नल पर रुकते समय तेज धूप और लू का सामना करना पड़ता है। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए पूर्व वर्ष की तरह इस वर्ष भी यह निर्णय लिया गया है कि निर्धारित समय के दौरान शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों के सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से धूप में खड़े न रहना पड़े और वे आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से विशेष अपील की है कि सिग्नल बंद रहने के बावजूद यातायात नियमों का पालन अवश्य करें और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं। साथ ही चौक-चौराहों पर सड़क पार करते समय महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित रूप से मार्ग पार करने में सहयोग करें।
इसके अलावा नागरिकों को सलाह दी गई है कि भीषण गर्मी के दौरान वाहन चलाते समय या पैदल आवागमन करते समय स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का भी विशेष ध्यान रखें और चिकित्सकों द्वारा बताए गए सुरक्षा उपायों का पालन करें। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। यदि किसी भी नागरिक को गर्मी या लू के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती है तो वे तुरंत वहां मौजूद यातायात पुलिस कर्मियों से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से ऐसे यात्रियों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






