जनगणना 2027 के लिए ऑनलाइन स्व-गणना अभियान का शुभारंभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री ने स्वयं जानकारी दर्ज कर प्रदेशवासियों से की भागीदारी की अपील, कहा सटीक आंकड़े विकास की योजनाओं की आधारशिला
छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना अभियान का शुभारंभ करते हुए विष्णु देव साय ने इसे देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताया। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर इस अभियान की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से इसमें सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान संचालित होता है और अब इसे आधुनिक और डिजिटल स्वरूप दिया जा रहा है ताकि प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बन सके। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना की प्रक्रिया में नागरिकों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी और आंकड़ों का संकलन अधिक सटीक और व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना भर नहीं है, बल्कि यह देश और राज्य के विकास की दिशा निर्धारित करने का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार आगामी वर्षों के लिए योजनाएं तैयार करती है ताकि समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सही और सटीक आंकड़े ही प्रभावी नीति निर्माण और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की नींव रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। इस चरण के अंतर्गत 30 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर आवासीय और गैर-आवासीय भवनों, उनकी स्थिति और उपयोग के साथ-साथ पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और संचार व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि जब भी प्रगणक उनके घर आएं तो उन्हें सही, स्पष्ट और पूर्ण जानकारी दें, क्योंकि हर जानकारी राज्य की विकास योजनाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय तथा नीतिगत उद्देश्यों के लिए ही किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” के लक्ष्य को प्राप्त करने में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस महाअभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने और पूरे उत्साह के साथ सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव एवं जनगणना के नोडल अधिकारी मनोज कुमार पिंगुआ, कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह, संचालक जनगणना कार्तिकेय गोयल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






