राशन वितरण में अनियमितता पर तीन उचित मूल्य दुकानों के संचालकों पर एफआईआर दर्ज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
जांच में चावल, नमक और शक्कर के व्यपवर्तन का खुलासा, सैकड़ों हितग्राहियों को नहीं मिला राशन
कोरबा। जिले में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य विभाग की जांच में तीन शासकीय उचित मूल्य दुकानों में गंभीर गड़बड़ियां सामने आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जांच के दौरान ग्राम पंचायत कोरकोमा की उचित मूल्य दुकान में संचालक संस्था द्वारा लगभग 197.45 क्विंटल चावल और 22.82 क्विंटल नमक के व्यपवर्तन का मामला सामने आया। इसके साथ ही करीब 435 राशन कार्डधारियों को तय समय में राशन नहीं दिए जाने की बात भी सामने आई है। इस मामले में संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर प्रकरण दर्ज किया गया है।
इसी तरह ग्राम पंचायत खोड्डल की उचित मूल्य दुकान में 334.98 क्विंटल चावल और 6 क्विंटल शक्कर के व्यपवर्तन का खुलासा हुआ है। जांच में यह भी पाया गया कि दुकान का संचालन नियमित रूप से नहीं किया जा रहा था और सीमित दिनों में ही राशन वितरण किया जाता था। इस मामले में छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वहीं विकासखंड पाली के ग्राम पटपरा की उचित मूल्य दुकान में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में पाया गया कि लगभग 422 हितग्राहियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण होने के बावजूद उन्हें राशन वितरित नहीं किया गया। इस मामले में संचालकों के खिलाफ थाना पाली में एफआईआर दर्ज की गई है।
विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि मार्च 2026 में भंडारण में विलंब और एई-पीडीएस सर्वर मेंटेनेंस के कारण कुछ स्थानों पर समय पर राशन वितरण प्रभावित हुआ था। खाद्य विभाग ने बताया कि अवितरित राशन के वितरण के लिए अप्रैल माह में विशेष व्यवस्था की जा रही है और बैकलॉग वितरण जल्द पूरा कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि राशन वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


