राज्य सरकार के भरोसे ओड़िशा पर्यटन: विदेशी पर्यटक अब भी मुंह मोड़ रहे
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर, ओड़िशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
भुवनेश्वर, ओड़िशा
ओड़िशा ब्यूरो स्वामी बिजया नंद जी महाराज
ओड़िशा ACGN:- ओड़िशा की अर्थव्यवस्था में पर्यटन क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह प्रदूषण रहित उद्योग है और इसमें प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। भौगोलिक दृष्टि से ओड़िशा पर्यटकों के लिए एक आदर्श स्थल है। यहाँ प्राचीन स्मारक, विस्तृत समुद्र तट, हरे-भरे जंगल और पहाड़ पर्यटकों का मन मोहते हैं।

लेकिन दुर्भाग्यवश राज्य सरकार इस क्षेत्र को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दे रही है। परिणामस्वरूप ओड़िशा पर्यटन की स्थिति निराशाजनक बनी हुई है। कई पर्यटन स्थलों का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है, पर्यटकों की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, और पर्यटन पूरी तरह सरकार के भरोसे चल रहा है।
वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान को देखें तो स्थिति स्पष्ट होती है। पिछले वर्ष पर्यटन विकास के लिए केवल 800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, जबकि इस वर्ष मामूली बढ़ोतरी करते हुए 1023 करोड़ रुपये की राशि रखी गई है। विशेषज्ञ इसे “हाथी के मुंह में होम्योपैथी गोली” की तरह बताते हैं। बजट की कमी के कारण नए पर्यटन स्थलों की पहचान और मौजूदा स्थलों का समुचित विकास संभव नहीं हो पा रहा है।

पंथ निवास और अन्य पर्यटन आवास सुविधाएं लगभग निष्क्रिय हो चुकी हैं। जो संचालित हैं, वे भी रखरखाव के अभाव में जर्जर हो गई हैं। सरकारी राशि अक्सर विकास कार्यों में खर्च होने के बजाय भोज-भात और अन्य मामूली खर्चों में चली जाती है। बीजेडी सरकार के कार्यकाल में प्रस्तावित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जैसे शिप परियोजना, धौली रोपवे और खंडगिरि लाइट-साउंड सिस्टम अद्यतन नहीं हो पाईं।
वर्तमान में देश और विदेश के पर्यटकों में इको-टूरिज्म के प्रति रुचि बढ़ रही है, लेकिन बजट में इसके लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। इको-टूरिज्म स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत कर सकता है, फिर भी इसे नजरअंदाज किया जा रहा है।

पर्यटकों की सुरक्षा चिंता का विषय
पर्यटकों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। यदि पर्यटन स्थल सुरक्षित नहीं होंगे, तो देश और विदेश के पर्यटक ओड़िशा आने से कतराएंगे। अमेरिका ने अपने नागरिकों को ओड़िशा यात्रा में सतर्क रहने की सलाह दी थी। पर्याप्त होटल और यातायात सुविधा के अभाव में ओड़िशा में पर्यटकों की संख्या अन्य राज्यों के मुकाबले काफी कम है। पिछले दस वर्षों में विदेशी पर्यटकों की संख्या एक लाख तक नहीं पहुंच सकी।
राज्य सरकार ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए 5 करोड़ घरेलू और 7 लाख विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए “बिजन डॉक्यूमेंट” तैयार किया है। इसमें 26 हजार होटल निर्माण और पर्यटन अवसंरचना के विकास का लक्ष्य रखा गया है। लेकिन बजट प्रावधान कम होने के कारण विकसित ओड़िशा के लक्ष्य की प्राप्ति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल – अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






