अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर छतौना में होगा वृहद महतारी सम्मेलन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
महिलाओं को योजनाओं की जानकारी, स्व-सहायता समूह उत्पादों की प्रदर्शनी और उत्कृष्ट महिलाओं का होगा सम्मान
मुंगेली, कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 08 मार्च को विकासखंड मुंगेली अंतर्गत ग्राम पंचायत छतौना (जरहागांव) में वृहद महतारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी होगी, जहां उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं, स्व-सहायता समूह की सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा विभिन्न महिला समूहों की प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और आमजन शामिल होंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़ेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना की चयनित हितग्राही महिलाओं से संवाद भी करेंगे और उनसे योजनाओं के लाभ से जुड़े अनुभव जानेंगे।
सम्मेलन में महतारी वंदन योजना, पोषण अभियान, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, स्व-सहायता समूह गतिविधियों, बाल संरक्षण योजनाओं सहित महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि अन्य महिलाएं भी उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा सूचना स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां महिलाओं को योजनाओं से संबंधित जानकारी, पंजीयन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा। इसके अतिरिक्त महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले की सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






